MP: एसईसीएल जोहिला क्षेत्र के श्रमिक हड़ताल पर,धरना,प्रदर्शन जारी

27

उमरिया।
एस.ई.सी.एल. जोहिला क्षेत्र के श्रमिक अपनी 72 सूत्रीय मांगों को लेकर मंगलवार से हड़ताल पर हैं।इन्हें विभिन्न श्रमिक संगठनों का समर्थन भी मिल रहा है। श्रमिक संघों ने कोयला परिवहन बंद करने की चेतावनी दी है।

इसी क्रम में एसईसीएल के श्रमिक कंपनी परिसर में लगातार धरना,प्रदर्शन कर रहे हैं। इन्होंने बताया कि अपनी मांगों को लेकर एक मांग पत्र पूर्व में कंपनी महाप्रबंधक को सौंपा गया,लेकिन प्रबंधन श्रमिक हित में कोई भी निर्णय लेने को राजी नहीं। प्रबंधन के इस अड़ियल रुख के कारण उन्हें हड़ताल के लिए बाध्य होना पड़ा।

हड़ताल को इनका समर्थन

एसईसीएल श्रमिकों के साथ हो रहे कथित अत्याचार के विरोध में संयुक्त मोर्चा भी इनके साथ है। मोर्चा में हिंद मजदूर सभा (एच.एम.एस.), भारतीय मजदूर संघ (बी.एम.एस.), इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक), अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) तथा सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन्स (सीटू) शामिल हैं।

आंदोलन को सफल बनाने की अपील
पांचों श्रमिक संघों ने  जोहिला क्षेत्र की सभी खदानों के कर्मचारियों और मजदूरों से अपील की है कि वे इस आंदोलन/हड़ताल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि जोहिला क्षेत्र के अस्तित्व की रक्षा हो सके और प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों/मजदूरों के साथ किए जा रहे कथित अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध आवाज़ को मजबूती से बुलंद किया जा सके।