T20 World Cup से पहले अफगानिस्तान ने ढूंढ लिया मैच विनर
T20 World Cup 2024: अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को आईसीसी मेंस टी20 विश्व कप 2024 के लिए राष्ट्रीय टीम के गेंदबाजी सलाहकार के रूप में वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो के साथ करार किया है। आपको बता दें कि 2 जून से संयुक्त राज्य अमेरिका और वेस्ट इंडीज में वर्ल्ड कप की शुरुआत होगी, जो 29 जून तक खेला जाएगा। ब्रावो कैरेबियन में होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से पहले कैंप के दौरान टीम में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
40 वर्षीय ब्रावो वेस्टइंडीज के पूर्व दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर थे, उन्होंने 295 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 6423 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 363 विकेट भी चटकाए हैं। उनके नाम 100 फर्स्ट क्लास, 227 लिस्ट ए और 573 टी20 मैच भी दर्ज है। अफगानिस्तान क्रिकेट के एक आधिकारिक बयान में कहा, “ब्रावो ने टी20 क्रिकेट में 625 विकेट लिए हैं, जिससे वह इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं। वह टी20 क्रिकेट के सबसे सफल तेज गेंदबाजी ऑलराउंडरों में से एक हैं, जिन्होंने इस फॉर्मेट में लगभग 7000 रन बनाए हैं।
















