भोपाल(Janprachar.com)। श्योपुर की विजयपुर सीट से 6 बार के विधायक रामनिवास रावत ने कांग्रेस छोड़ दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और बीजेपी जॉइनिंग टोली के मुखिया नरोत्तम मिश्रा की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली। उनके साथ मुरैना नगर निगम की महापौर शारदा सोलंकी और करीब 2 हजार समर्थक भी बीजेपी में शामिल हुए हैं।
रावत ने कहा, ‘हर किसी की इच्छा रहती है कि वह क्षेत्र की जनता के लिए कुछ करे लेकिन जितना विकास मैं चाहता था, नहीं करा पाया। अब बीजेपी में शामिल होकर क्षेत्र को प्रदेश की मुख्यधारा तक ले जाना चाहता हूं।’
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, ‘श्योपुर जिले का सही नाम शिवपुर है। बोलचाल में इसका नाम श्योपुर हो गया। आप चाहोगे तो विधानसभा में संशोधन करके इसका नाम शिवपुर कर देंगे। बाबा महाकाल का एक नाम शिव भी है। ऐसे नाम को सही रूप में लें तो आनंद आएगा।’
मुख्यमंत्री मंगलवार को श्योपुर जिले के विजयपुर में बीजेपी प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर के समर्थन में जनसभा लेने पहुंचे थे। इसी कार्यक्रम में रावत और सोलंकी समेत कई कांग्रेसी नेताओं ने बीजेपी की सदस्यता ली।
नहीं मिला इस्तीफा
रावत के बीजेपी में शामिल होने के बाद अब इस सीट पर भी विधानसभा उपचुनाव होना तय हो गया है। हालांकि विधायक रावत के बीजेपी ज्वाइन करने के बाद मंगलवार शाम तक विधानसभा सचिवालय को रावत के इस्तीफे की सूचना नहीं मिली है। इसके पहले अमरवाड़ा से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। शाह का इस्तीफा भी विधानसभा सचिवालय को उसी दिन मिल गया था।
















