पहले राम को बंद किया, अब बजरंगबली पर ताला लगाने जा रही कांग्रेस: पीएम मोदी

होसपेट। कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है और इससे पहले सियासी घमासान जारी है। भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपना घोषणा-पत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने सबसे बड़ा वादा यह किया है कि सरकार बनने पर पीएफआई के साथ ही बजरंग दल पर बैन लगा दिया जाएगा। इस वादे से बवाल मच गया है। भाजपा और हिंदू संगठन हमलावर हैं।

कांग्रेस के वादे पर पीएम मोदी ने साधा निशाना

कर्नाटक के होसपेट में पीएम मोदी में रैली की और बजरंग दल पर बैन लगाने के कांग्रेस के वादे पर हमला किया। पीएम ने कहा, आज मेरा सौभाग्य है कि मैं हनुमान जी की इस पावन भूमि को नमन कर दुर्भाग्य देख रहा हूं, आज जब मैं यहां आया हूं तो उसी समय कांग्रेस पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में बजरंगबली पर ताला लगाने का फैसला किया है। पहले श्री राम को बंद किया गया था और अब उन्होंने जय बजरंगबली का जाप करने वालों को बंद करने का फैसला किया है।

कांग्रेस के घोषणा-पत्र पर भड़के असम के सीएम
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, कांग्रेस द्वारा आज जारी किया गया घोषणापत्र दर्शाता है कि यह पूर्ण रूप से मुस्लिम कट्टरपंथियों का घोषणापत्र है। अगर जिन्ना जिंदा होते तो भी ऐसा घोषणापत्र नहीं बनाते। कांग्रेस एक मुस्लिम कट्टरपंथी पार्टी बन गई है। हमारे गृह मंत्री ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया था और अब कांग्रेस कह रही है कि वे बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *