मप्र: प्रायमरी,मिडिल बोर्ड परीक्षा परिणाम 15 तक आने के आसार

भोपाल। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा संचालित पांचवी एवं आठवीं कक्षा के परिणाम अगले एक पखवाड़े में घोषित होने के आसार हैं। सभी जिलों में परीक्षा उत्तर पु​स्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।

मूल्यांकन कार्य को लेकर राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा सोमवार को इसकी समीक्षा की गई। इसमें ज्ञात हुआ कि छोटे जिलों में मूल्यांकन कार्य 90 प्रतिशत से ऊपर हो चुका है। वहीं, बड़े शहर पिछड़ गए हैं। हालांकि, इसे 30 अप्रैल तक पूरा करना था, लेकिन अंकों को आनलाइन भरने के कारण धीमी गति से कार्य हो रहा है।

समीक्षा में पाया गया कि भोपाल में 67 प्रतिशत, इंदौर में 64 प्रतिशत, ग्वालियर में 94 प्रतिशत, जबलपुर में 97 प्रतिशत, देवास में 91 प्रतिशत और नर्मदापुरम में 95 प्रतिशत मूल्यांकन हो पाया है। बैठक में यह बात भी सामने आई कि पांचवीं व आठवीं के गणित एवं संस्कृत के प्रश्नपत्र निरस्त किए गए थे।

बाद में इन विषयों की परीक्षाएं आयोजित की गई थीं। कुछ जिलों में इन विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन नहीं हो पाया है। इस कारण परिणाम तैयार करने में देर हो रही है। अब सभी जिलों को 5 मई तक मूल्यांकन कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं और परिणाम 15 मई तक आने की संभावना जताई गई।

ज्ञात हो कि लंबे अर्से बाद पांचवीं व आठवीं की परीक्षाएं पूर्ववत बोर्ड पैटर्न पर कराईं गईं।
दरअसल,कोरोनाकाल के दौरान आउट आफ टर्न प्रमोशन दिए जाने से स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *