Khandwa:रेस्तरां में लड़की के बैठे मिलने पर खंडवा में उपद्रव,धारा 144 लागू,पार्षद गिरफ्तार

खंडवा। जिला मुख्यालय में रविवार देर रात बवाल हो गया। अपने दो परिचितों के साथ अल्पसंख्यक वर्ग की एक छात्रा रेस्तरां में जूस पीने गई थी , जिस पर छात्रा के समाज कुछ उत्साही लोगों ने युवती व उसके शिक्षक एवं एक अन्य परिचित की पिटाई कर दी। यह मामला इतना तूल पकड़ा कि प्रशासन को शहर में धारा 144 लगानी पड़ी ।वहीं ,एक पार्षद की गिरफ़्तारी भी की गई।

प्राप्त जानकारी अनुसार,मुस्लिम समाज की एक युवती आगे की पढाई के लिए मुम्बई जाने की तैयारी में है। इससे पहले रविवार दोपहर वह आनंद नगर स्थित एक कैफे में अपने स्कूली शिक्षक सत्यम‎ कुमार वर्मा और परिचित अतुल यादव के साथ एक टेबल पर बैठकर जूस पी रही थी। इसी बीच मुस्लिम समाज के कुछ युवक वहां पहुंचे और उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। छात्रा ने उन्हें बताया भी कि यह मेरे शिक्षक व सहपाठी हैं और ये हमारा निजी मामला है,लेकिन वे‎ लोग नहीं माने और बुरी तरह मारपीट करने लगे।

मारपीट के‎ शिकार हुए टीचर सत्यम ने उन्हें बताया भी कि छात्रा उनकी‎ स्टूडेंट है। उसका‎ बर्थडे आने वाला है और वह पढ़ाई के लिए कुछ‎ दिन बाद मुंबई जाने वाली है, इसलिए रेस्टोरेंट में‎ पिज्जा और जूस पीने आए हैं, आप लोग गलत समझ रहे हो।

लेकिन आरोपियों ने उनकी बात नहीं मानी। पीड़ित शिक्षक और युवक ने बताया कि‎ आरोपियों ने रेस्टोरेंट में छात्रा के अलावा हम दोनों के साथ बुरी तरह‎ मारपीट शुरू कर दी। आरोपी पीटते-पीटते हमें रेस्टोरेंट से रोड तक‎ लेकर पहुंचे। फिर हमारा अपहरण कर लिया।‎ CCTV फुटेज में आरोपी मुंह पर कपड़ा बांध मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

यही नहीं पिटने वालों को पहले रेस्तरां से अगवाकर एक सुनसान जगह ले जाया गया। पुलिस ने इन्हें किसी तरह छुडाया और थाने लाई।इसके बाद नाबालिग युवती और युवकों की तरफ से अपहरण और मारपीट की एफआईआर दर्ज की गई।

इसके बाद भी मामला ठंडा नहीं पड़ा। देर रात कहार वाड़ी क्षेत्र के पार्षद अशफाक सिगड़ युवती को लेकर फिर से थाने पहुंच गए और एफआईआर कराने की मांग करने लगे। इसी बीच थाने पर मुस्लिम समुदाय के युवकों की भीड़ लग गई। थाने पर लगी भीड़ को पुलिस हटाती उससे पहले ही खबर आई की मोघट थाना क्षेत्र के गांधीनगर के पास कुछ मुस्लिम लोगों को रोड पर रोककर मारपीट की गई है।

इसके बाद थाने के समीप जुटी भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। इस पर भीड़ में से कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। हालांकि पथराव में फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थिति बिगड़ती देख जिला पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर, एसडीएम सहित प्रशासन के आला अधिकारी भी मोघट थाने पहुंचे।

पार्षद अशफाक सिघड़ पुलिस हिरासत में
पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र शुक्ला ने मीडिया को बताया कि रविवार दोपहर में एक घटनाक्रम हुआ। उस पर तुरंत एक्शन लेकर कार्रवाई की गई। इसके बाद दूसरे पक्ष द्वारा कुछ सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की गई। कई सारे लोग थाने आकर जमा हो गए। पूरे नगर निगम क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है।

कहीं भी कोई भी 4 या 4 से अधिक व्यक्ति एक साथ नहीं खड़े रह सकते। अभी तक कुल दो एफआईआर हुई हैं, जिसमें एक युवती की तरफ से दूसरी दो युवकों की तरफ से हुई है। इनमें चार आरोपी नामजद हैं। इनमें से दो को हिरासत में ले लिया गया है।

पथराव करने वाले पर भी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि युवती को थाने लेकर एफआईआर कराने पहुंचे पार्षद अशफाक सिघड़ को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

तत्काल पुलिस को दें सूचना
वहीं, खंडवा कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि दोपहर में हुए घटनाक्रम को लेकर शाम को भीड़ थाने आई थी। मेरा सभी से निवेदन है कि ऐसी कोई स्थिति हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।

अभी त्योहार का समय चल रहा है। इसी को देखते हुए, नगर निगम क्षेत्र में धारा 144 लगा दी गई है, ताकि शांति और सौहार्द बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *