MP police:चंबल जोन एडीजी राजेश चावला पदोन्नत,बने पुलिस महानिदेशक

14

भोपाल। राज्य शासन ने भापुसे के वर्ष 1989 बैच के अधिकारी राजेश चावला को ​पुलिस महानिदेशक पद पर पदोन्नत किया है। श्री चावला वर्तमान में चंबल जोन के एडीजीपी हैं। पदोन्नति उपरांत उनकी पदस्थापना पुलिस मुख्यालय में की गई है।

श्री चावला के स्थान पर फिलहाल किसी की पदस्थापना नहीं की गई। ग्वालियर जोन के एडीजी डी श्री निवास वर्मा को ही चंबल जोन एडीजी का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। लोक अभियोजन महानिदेशक अन्वेष मंगलम आज सेवानिवृत हो गए। उनकी सेवानिवृति पर ही चावला को पदोन्नत किया गया।

ज्ञात हो कि मप्र संवर्ग के पुलिस महानिदेशक स्तर के तीन अधिकारी इसी वर्ष जुलाई में सेवानिवृत हो रहे हैं। इनमें होमगार्ड महानिदेशक पवन जैन,एसएल थाउसेन एवं मुकेश जैन शामिल हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर होने से श्री थाउसेन को प्रोफार्मा पदोन्नति मिली है।

इस लिए उनकी जगह किसी को पदोन्नत नहीं किया गया। बाकी दो पदों के विरुद्ध दो एडीजी पदोन्नत होकर डीजी बनेंगे। इसके लिए 1989 बैच की ही अधिकारी सुषमा सिंह व 1990 बैच के अधिकारी एसडब्ल्यु नकवी दावेदार हैं।

चार सेवानिवृत्‍त कर्मचारियों को भावभीनी विदाई

इधर,पुलिस मुख्यालय में पदस्थ विभिन्न संवर्ग के चार कर्मचारी आज सेवानिवृत हो गए। पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना सहित अन्‍य वरिष्‍ठ अधिकारियों ने मंगलवार को भावभीनी विदाई दी।

पुलिस महानिदेशक श्री सक्‍सेना ने सभी को प्‍लांट एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए और उनके स्वस्थ एवं सुखी जीवन की कामना की। सेवानिवृत्‍त कर्मचारियों को उनके विभिन्‍न स्‍वत्‍व (क्‍लेम) भुगतान के आदेश भी प्रदान किए गये।

नवीन पुलिस मुख्‍यालय भवन, कॉन्‍फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में अतिरिक्‍त पु‍लिस महानिदेशक डी.श्रीनिवास राव,राजेश गुप्‍ता, चंचल शेखर,विजय कटा‍रिया सहित अन्‍य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्‍त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित थे।

पुलिस मुख्‍यालय से सेवानिवृत्‍त सहायक अधीक्षक आडिट शाखा पुलिस मुख्‍यालय आर.के. यादव, उप निरीक्षक अजाक शाखा पुलिस मुख्‍यालय महादेव वाडेकर, प्रधान आरक्षक एससीआरबी शाखा पुलिस मुख्‍यालय राजेन्‍द्र प्रसाद गिरी तथा प्रधान आरक्षक (अ) कार्मिक शाखा पुलिस मुख्‍यालय शेख मेहबूब को पुलिस मुख्‍यालय परिवार ने मंगलवार को भावभीनी विदाई दी।

अतिरिक्‍त पुलिस महानिदेशक विजय कटारिया ने सेवानिवृत्‍त कर्मचारियों के कार्यकाल पर प्रकाश डाला। विदाई समारोह में मौजूद अधिकारियों ने सेवानिवृत्‍त कर्मचारियों की मेहनत और लगन की सराहना की।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal