मुख्यमंत्री शिवराज ने कूनो में छोडे चीते,कहा.स्वागत है

16

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने साउथ अफ्रीका से कुनो पालपुर नेशनल पार्क आए चीतों को छोड़ा और कहा कि मप्र में चीतों का स्वागत है। प्रदेश में चीतों के आने के बाद और प्रगति के अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो चीतों को छोड़ा और इस दौरान वे बेहद उत्साह से भरे दिखे। इसके बाद चीता मित्रों से बात की और चीता मित्रों को समझाया कि अब शिकार आदि न करने के लिए लोगों को प्रेरित करना है और चीतों को लेकर सभी को जागरूक करना है।

इसके बाद स्व सहायता समूह की महिलाओं से भेंट की और इसी दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री ने बताया कि अब चीते आने के बाद रोजगार के अवसर और बढ़गे परिवर्तन आएगा।

ऐतिहासिक घटना
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि चीतों का आना एक ऐतिहासिक घटना है, सारा देश इसका साक्षी बन रहा है। पूरा मध्यप्रदेश प्रसन्नता और उत्साह के साथ चीतों का स्वागत कर रहा है। चारों ओर उत्सव का वातावरण है। सभी देशवासियों को इस अद्भुत और अनुपम क्षण के लिए बधाई! महाशिवरात्रि पर मध्यप्रदेश को बहुत बड़ी सौगात मिली है। चीतों का पुनर्स्थापन वन्य प्राणी संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अद्वितीय कार्य है। सभी प्रदेशवासियों को इस अद्भुत और अनुपम क्षण के लिए बधाई।
भोपाल में खींचा भोले का रथ

मुख्यमंत्री चौहान ने कूनो जाने से पूर्व भोपाल के बडवाले महादेव मंदिर पहुंचे।उन्होंने आदि देव भगवान बाबा बटेश्वर की मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर जगत-कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने “हर-हर महादेव- बटेश्वर महाराज की जय- दूल्हे राजा की जय-दुल्हन महारानी की जय” के उद्घोष के साथ बाबा बटेश्वर का तिलक कर आरती की तथा रथ खींच कर बारात में शामिल हुए। पुलिस बैंड द्वारा जनरल सेल्यूट दिया गया। भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा सहित अनेक जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान मंदिर परिसर में भक्तगण से भी मिले और उन्हें महाशिवरात्रि पर्व की बधाई दी।