पाकिस्तान नहीं है गुजरात, फॉक्सकॉन विवाद पर देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष को दिया जवाब

मुंबई
वेदांता और फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट महाराष्ट्र से गुजरात शिफ्ट होने को लेकर हो रही सियासत गरमा गई है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि गुजरात कोई पाकिस्तान का हिस्सा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र की पूर्ववर्ती महा विकास आघाडी सरकार के कार्यकाल के दौरान कोई भी सब्सिडी लेने के लिए 10 प्रतिशत कमीशन देना पड़ता था। उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना का नाम लिए बिना फडणवीस ने पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि ठाकरे सरकार ने राज्य में रिफाइनरी जैसी बड़ी परियोजनाओं का विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से महाराष्ट्र अन्य राज्यों के मुकाबले 10 साल आगे जा सकता था। फडणवीस ने ठाकरे पर मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन और मुंबई मेट्रो-तीन परियोजना को रोकने का आरोप लगाया।

फडणवीस ने वेदांता के अध्यक्ष से की थी मुलाकात
फडणवीस ने कहा कि जून के अंत में उपमुख्यमंत्री बनते ही उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर वेदांता के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल से मुलाकात की थी। साथ ही महाराष्ट्र ने कंपनी के सामने गुजरात के बराबर ही प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्हें बताया गया कि गुजरात में सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने का निर्णय अंतिम चरण में पहुंच चुका था।

'2 साल में महाराष्ट्र को गुजरात से आगे ले जाएंगे'
उपमुख्यमंत्री ने कहा, 'जब आप (महा विकास आघाडी) सत्ता में थे (नवंबर 2019 से जून 2022 तक) तब विदेशी प्रत्यक्ष निवेश लाने के मामले में महाराष्ट्र गुजरात से पीछे था। अगले 2 वर्ष में हम महाराष्ट्र को गुजरात से आगे ले जाएंगे।' कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान फडणवीस ने कहा कि गुजरात पाकिस्तान नहीं है। वह हमारा भाई है। यह एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है। हम कर्नाटक से भी आगे जाना चाहते हैं।

See also  पिछले दस वर्षों में देश का मछली उत्पादन 95 लाख टन से बढ़कर 184 लाख टन हुआः जॉर्ज कुरियन

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *