औषधीय गुणों से भरपूर नीम का साबुन ऐसे करें तैयार

49

मार्केट में न जाने कितने तमाम तरह के साबुन मिलते हैं। कोई ब्रांड दावा करता है कि उनका सोप त्वचा को कोमल बना देगा, तो कोई किटाणुओं की छुट्टी कर देने की बात करता है। इसी तरह किसी की खुशबू शरीर को सुगंधित बनाती है, तो किसी में महक होती ही नहीं। हालांकि, ये बात नकारी नहीं जा सकती कि इन सभी में केमिकल्स होते ही हैं। ये किसी को सूट करते हैं, तो किसी को नहीं।

ऐसे में क्यों ना घर पर ही ऐसा साबुन तैयार किया जाए, जो न सिर्फ शरीर को साफ करे, बल्कि वो औषधीय गुणों से भरपूर भी हो? इसे आप खुद बनाएंगे, तो यकीनन इसमें जाने वाली सामग्री का पूरा कंट्रोल भी आपके हाथ में होगा और आपको केमिकल्स की टेंशन लेने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। ऐसा ही एक सोप है नीम का, जिसे आसानी से घर पर भी तैयार किया जा सकता है। कैसे? चलिए जानते हैं आगे।

नीम के गुण
सबसे पहले आपको नीम के गुणों के बारे में बताते हैं, जिसके बारे में शायद ज्यादातर लोग जानते ही हैं। इस मेडिसिनल प्लांट का साइंटिफिक नाम Azadirachta indica है। हजारों वर्षों से इसका उपयोग रोगों का उपचार करने में किया जा रहा है। ये पेड़ एंटीऑक्सिडेंट, एंटीसेप्टिक गुणों से भरपूर है। ये इम्यून सिस्टम को बूस्ट करने के साथ ही कई तरह की स्किन प्रॉब्लम्स को भी दूर करने में मदद करता है। नीम के गुणों की अगर लिस्ट बनाने बैठें, तो शायद शब्द भी कम पड़ने लगें।

साबुन बनाने की सामग्री
चलिए अब आपको बताते हैं कि इस गुणकारी होममेड साबुन को बनाने के लिए आपको क्या-क्या सामग्री चाहिए होगी:

    नीम के कुछ पत्ते
    पानी
    ग्लिसरीन का साबुन
    विटमिन-ई कैप्सुल
    पेपर कप या छोटी कटोरी
    आपके पास अगर किसी खास आकार का सांचा है, तो उसका इस्तेमाल भी किया जा सकता है।

बनाने की विधि
    नीम की पत्तियों को अच्छी तरह से पानी से धो लें।
    इन्हें मिक्सर में डालें और दो टेबलस्पून पानी एड करें।
    पत्तियों को ब्लेंड करें और तैयार पेस्ट को एक कटोरी में निकाल लें।
    अब एक ग्लिसरीन साबुन लें और उसे कई छोटे टुकड़ों में काट लें।
    एक कढ़ाई या गहरे पैन में पानी उबलने को रख दें।
    पानी जब गर्म हो जाए, तो उसमें खाली कटोरा डाल दें।
    कटोरा जब गर्म हो जाए, तो उसमें ग्लिसरीन साबुन के टुकड़े डाल दें और उन्हें पिघलने दें।

यूं दें आखिरी आकार
    पिघले हुए साबुन में नीम की पत्तियों का पेस्ट मिलाएं।
    इसे कुछ देर डबल बॉइलर सेटिंग में ही गर्म होने दें।
    विटमिन-ई कैप्सुल काटें और उसके लिक्विड को मिक्स में मिला दें।
    इस सामग्री को कटोरी या सांचे में डाल लें और ठंडा होने दें।
    चाकू की मदद से इसे निकालें और बस ये साबुन इस्तेमाल के लिए तैयार है।