रतलाम।
मध्य प्रदेश में स्कूली बच्चों की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
अब रतलाम जिले के बाजना में शासकीय एकलव्य आवासीय छात्रावास के 100 से
अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है।
शनिवार सुबह विद्यार्थी करीब 50 किलोमीटर पैदल चलकर जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के लिए निकल पड़े।
उनका कहना है कि वे अपनी समस्याएं सीधे कलेक्टर अजय कटेसरिया के सामने रखेंगे।
विद्यार्थियों के इस मार्च ने प्रशासन का ध्यान खींचा है।
रास्ते में बच्चे ‘हमारी मांगें पूरी करो’ और ‘हमारी समस्या हल करो’ जैसे नारे लगा रहे हैं।

बाजना थाना प्रभारी रविंद्र दंडोतिया ने विद्यार्थियों को रोककर उनकी समस्याएं स्थानीय स्तर पर बताने और समाधान कराने की समझाइश दी,
लेकिन छात्र-छात्राएं कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े रहे।
पुलिसकर्मी सुरक्षा और व्यवस्था के लिहाज से उनके साथ चल रहे हैं।
विद्यार्थियों के साथ कुछ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए हैं।
बाजना तहसीलदार कुलभूषण शर्मा के मौके पर पहुंचने की सूचना है।
रतलाम से भी प्रशासनिक अधिकारियों के विद्यार्थियों से बातचीत के लिए रवाना होने की जानकारी सामने आई है।
हालांकि, छात्रावास की किन समस्याओं को लेकर विद्यार्थी इतने नाराज हैं,
उनकी मांगों का विस्तृत ब्योरा और प्रशासन का आधिकारिक पक्ष अभी सामने आना बाकी है।
MP में एक के बाद एक सामने आ रहे जेन-अल्फा के प्रदर्शन

रतलाम की यह घटना कोई अकेला मामला नहीं है।
पिछले कुछ महीनों में मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में स्कूली बच्चों ने परिवहन, स्कूलों के भविष्य,
छात्रावासों की बदहाली और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध जताया है।
खास बात यह है कि इन आंदोलनों में बच्चों ने अपनी समस्याएं खुद उठाई हैं और सीधे प्रशासन तक पहुंचने का रास्ता चुना है।
जेन-अल्फा (Generation Alpha) सामान्यतः 2010 से 2024 के बीच जन्मी पीढ़ी को कहा जाता है।
यह वह पीढ़ी है जिसने बचपन से स्मार्टफोन, इंटरनेट और डिजिटल संचार के बीच दुनिया देखी है।
मध्य प्रदेश में इस पीढ़ी के विद्यार्थियों के विरोध प्रदर्शनों ने अब शिक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े सवाल खड़े किए हैं।
भोपाल में 400 बच्चों ने किया था ‘सेव डीएमएस’ प्रदर्शन

अगस्त 2026 में राजधानी भोपाल में रीजनल स्कूल के करीब 300 से 400 छात्र-छात्राएं सड़क पर उतर आए थे।
विद्यार्थी डेमॉन्स्ट्रेशन मल्टीपर्पज स्कूल (DMS) को केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) में विलय करने के प्रस्ताव का विरोध कर रहे थे।
बच्चों के हाथों में ‘सेव डीएमएस’ और ‘प्राउड टू बी डीएमएसियन’ जैसे पोस्टर थे।
उन्होंने स्कूल की स्वतंत्र पहचान और मौजूदा शैक्षणिक व्यवस्था बनाए रखने की मांग की थी।
विद्यार्थियों ने प्राचार्य को ज्ञापन भी सौंपा था।
इस प्रदर्शन को भोपाल में जेन-अल्फा के चर्चित आंदोलनों में गिना गया।
बस नहीं रुकी तो बच्चों ने चौराहे पर रोक दी बस
इससे पहले 6 अगस्त 2026 को भोपाल के शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के
विद्यार्थियों ने बस सुविधा को लेकर प्रदर्शन किया था। आरोप था कि स्कूल बस निर्धारित स्टॉप पर नहीं रुकती
और कई बार बच्चों को लिए बिना आगे निकल जाती है।
विद्यार्थियों ने कुल्होर चौराहे पर बस रोककर विरोध जताया।
रिपोर्ट के मुताबिक, करीब 1,800 विद्यार्थियों के लिए केवल 11 बसें संचालित हो रही थीं।
मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए थे।
स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से बातचीत कर बस व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था।

अक्टूबर 2026 में शासकीय विद्यालय मिसरोद,भोपाल की छात्राएं एक शिक्षिका के खिलाफ लामबंद हुईं।
छात्राओं ने शिक्षिका को हटाने व उनके निलंबन की मांग उठाई।
विरोध बढ़ने पर विभाग को शिक्षिका को अन्यत्र स्थानांतरित करना पड़ा।
विदिशा में किराया बढ़ने पर छात्राओं ने खोला मोर्चा

14 अगस्त 2026 को विदिशा जिले के सिरोंज में छात्राओं का विरोध प्रदर्शन चर्चा में आया था।
निजी बस संचालकों पर छात्राओं का आरोप था कि बस किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है।
इससे नाराज छात्राएं बस स्टैंड पहुंचीं और किराया कम करने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के बाद परिवहन विभाग ने विद्यार्थियों के लिए किराये में 50 प्रतिशत कटौती का आदेश जारी किया था।
इस घटना ने दिखाया कि रोजाना स्कूल आने-जाने का खर्च भी बच्चों के आंदोलन की वजह बन सकता है।
धार में छात्रावास की बदहाली पर आधी रात को सड़क पर उतरीं छात्राएं

अगस्त 2026 में धार जिले से भी छात्रावास की समस्याओं को लेकर छात्राओं के प्रदर्शन की खबर सामने आई थी।
छात्राओं ने रात में छात्रावास से निकलकर पैदल थाने तक मार्च किया और वहां अपनी शिकायतें रखीं।
उनकी शिकायतों में भवन की सुरक्षा, पौष्टिक भोजन और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे शामिल थे।
छात्राओं के विरोध के बाद स्थानीय प्रशासन के अधिकारी उनसे बातचीत करने पहुंचे थे।
शहडोल में 100 किलोमीटर पैदल मार्च पर निकले थे छात्र

5 नवंबर 2026 को शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र से भी ऐसी ही खबर सामने आई थी।
छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं से परेशान विद्यार्थियों ने कलेक्टर से मिलने के लिए करीब 100 किलोमीटर की पैदल यात्रा शुरू की थी।
विद्यार्थियों की नाराजगी छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर थी।
अधिकारियों ने उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
इस घटना ने आवासीय छात्रावासों की व्यवस्था और आदिवासी विद्यार्थियों की समस्याओं को फिर चर्चा में ला दिया था।
बड़वानी में 20 किमी पैदल चलकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे बच्चे

25 अगस्त 2026 को बड़वानी जिले में भी जेन-अल्फा के विद्यार्थियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था।
बच्चे करीब 20 किलोमीटर का सफर तय कर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे थे।
इस दौरान आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर जाम की स्थिति भी बनी थी।
विद्यार्थियों की शिकायतें सुनने के बाद प्रशासन ने हस्तक्षेप किया था।
छात्रावास की सुविधाओं को लेकर कलेक्ट्रेट तक मार्च
27 सितंबर 2026 को बड़वानी के शासकीय संयुक्त बालिका छात्रावास की छात्राएं पेयजल और
भोजन की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंची थीं।
छात्राओं ने पानी की कमी, खराब कूलर, गीजर, सैनिटरी नैपकिन मशीन और भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे।
अधिकारियों ने कमियां स्वीकार करते हुए सुधार का भरोसा दिया था।
छात्राओं ने प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए गए वाहन से लौटने के बजाय पैदल जाने का फैसला किया था।
इंदौर में स्कूल की जमीन पर बाउंड्रीवॉल को लेकर विवाद
