सागर।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में कथित जहरीली-अवैध शराब से हुई मौतों के बाद जांच का दायरा मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है।
पुलिस की प्राथमिक जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से जुड़े होने की बात सामने आई है।
चार गांवों में अब तक 11 लोगों की मौत हुई।
वहीं दो दर्जन से अधिक अस्पतालों में भर्ती है।
मौतों के बाद प्रशासन ने इलाके की छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर सैंपलिंग के निर्देश दिए हैं।
बंडा थाना क्षेत्र के नौरोजा और घुघरा खुर्द समेत आसपास के गांवों में शराब सेवन के बाद लोगों के बीमार पड़ने की सूचना शनिवार तड़के प्रशासन को मिली।
अब तक 11 मौतों की बात सामने आई है, जबकि कलेक्टर प्रतिभा पाल ने 10 मौतों की पुष्टि की है।
करीब 35 लोगों को अस्पताल लाया गया है।
गंभीर मरीजों को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल सागर में भर्ती कराया गया है।

पोस्टमॉर्टम में मिथाइल अल्कोहल का संदेह
कलेक्टर के मुताबिक, अब तक हुए दो-तीन पोस्टमॉर्टम में प्रथम दृष्टया मिथाइल अल्कोहल के सेवन की बात सामने आई है।
हालांकि मौतों की अंतिम वजह जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
अस्पताल पहुंचे कुछ मरीजों के शरीर नीले पड़ने और अकड़न जैसे लक्षण सामने आने की जानकारी डॉक्टरों ने दी है।
संदिग्ध मरीजों के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अलग से बेड की व्यवस्था की गई है।
#WATCH | भोपाल, मध्य प्रदेश: सागर में कथित तौर पर ज़हरीली शराब पीने से हुई मौतों पर कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा, "बहुत ही दुखद और दर्दनाक घटना है। मेरे पास जो खबर आई है उसके अनुसार लगभग 10 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ये अवैध शराब का मामला है। लगातार मध्य प्रदेश में इस… pic.twitter.com/j9PF5A9ax5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 6, 2026
जांच अब ललितपुर तक पहुंची

एसपी अनुराग सुजानिया के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शराब की सप्लाई उत्तर प्रदेश के ललितपुर से होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
साथ ही ललितपुर में भी शराब के सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच का अहम सवाल अब यह है कि कथित अवैध शराब सागर के गांवों तक किस माध्यम से पहुंची
और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे।
#WATCH भोपाल, मध्य प्रदेश: सागर में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 6 लोगों की मौत पर मध्य प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने कहा, "पहले उज्जैन से जहरीली शराब भावनगर पहुंची। मध्य-प्रदेश में शराब महंगी बेची जा रही है। ठेकेदार अवैध वसूली कर रहे हैं। जहरीली शराब कौन… pic.twitter.com/nedh98i6at
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 6, 2026
छह शराब दुकानें सील, सैंपलिंग शुरू

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची कलेक्टर प्रतिभा पाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी प्रभावित गांवों में पहुंचे।
अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने क्षेत्र की छह शराब दुकानों को एहतियातन सील कर उनके सैंपल लेने के निर्देश दिए हैं।
अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
गांवों में घर-घर स्क्रीनिंग
प्रशासन अब प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग करा रहा है।
शराब पीने वाले लोगों की जांच की जा रही है।
जिन लोगों में उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य संदिग्ध लक्षण मिल रहे हैं,
उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र भेजा जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति ने शराब का सेवन किया है
और उसके बाद तबीयत बिगड़ रही है, तो वह लक्षणों को नजरअंदाज न करे और तुरंत अस्पताल पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं
और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ऐसी घटनाओं को सरकार की ओर से बर्दाश्त नहीं किए जाने की बात कही है।
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने घटना को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं।
परिजन ने बताया, आधे घंटे में बिगड़ी हालत
