भोपाल(9826019364+)।
स्वतंत्रता दिवस से पहले मध्य प्रदेश तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।
गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत यात्राएं निकाली गईं।
कहीं तिरंगा नावों पर लहराया। कहीं अधिकारी घोड़ों पर सवार दिखे।
CRPF जवानों ने बाइक रैली निकाली।
वहीं, स्कूली बच्चों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
हालांकि, नीमच के जावद में तिरंगे को उल्टा पकड़ने का मामला भी सामने आया।
इसने लोगों का ध्यान खींचा और कार्रवाई की मांग उठने लगी।
LIVE: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में बोट क्लब, भोपाल में आयोजित विशाल नौका तिरंगा यात्रा https://t.co/BgRX7ZLDRT
— Office of Dr. Mohan Yadav (@drmohanoffice51) August 13, 2026
बड़े तालाब में तिरंगे का भव्य नजारा
राजधानी भोपाल के बड़े तालाब में नौका तिरंगा यात्रा आयोजित हुई।
बोट क्लब से निकली यात्रा में 350 से अधिक नावें शामिल रहीं।
सभी नावों को तिरंगे से सजाया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी कार्यक्रम में पहुंचे।
इस दौरान खिलाड़ियों ने तालाब की लहरों पर कयाकिंग का प्रदर्शन किया।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ऐसी यात्राएं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करती हैं।
वहीं, मंत्री सारंग ने तिरंगे को देश की एकता और गौरव का प्रतीक बताया।
ओंकारेश्वर में नर्मदा पर उतरीं 151 नावें
इधर, ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर अनोखा दृश्य देखने को मिला।
यहां 151 सजी-धजी नौकाओं से तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा ब्रह्मपुरी घाट से शुरू हुई। इसके बाद गोमुख घाट और नागर घाट होते हुए वापस ब्रह्मपुरी घाट पहुंची।
नौकाओं पर लहराते तिरंगे और देशभक्ति गीतों ने माहौल को खास बना दिया।
भारत माता के रूप में सजी एक बालिका भी आकर्षण का केंद्र रही।
सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड और SDRF की टीमें तैनात रहीं।
उज्जैन में घोड़ों पर सवार होकर निकले अधिकारी
धार्मिक नगरी उज्जैन में दो तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
पहली यात्रा दशहरा मैदान से शुरू हुई।
इसमें कलेक्टर, एसपी प्रदीप शर्मा और निगम कमिश्नर घोड़ों पर सवार होकर शामिल हुए। उनके हाथों में तिरंगा था।
यात्रा में पुलिस बैंड, अश्वारोही दल, होमगार्ड, NCC और स्काउट के सदस्य भी शामिल रहे।
वहीं, दूसरी यात्रा शहीद पार्क से शुरू हुई। इसमें स्कूली बच्चों ने तिरंगा लेकर देशभक्ति गीत गाए और नारे लगाए।
यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए फव्वारा चौक पहुंची।
मंडला में CRPF जवानों की बाइक रैली
मंडला में CRPF की 148वीं बटालियन ने तिरंगा बाइक रैली निकाली।
जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर बाइक से यात्रा की।
इस दौरान लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का संदेश दिया गया।
जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री संपतिया उईके भी शामिल हुईं।
बालाघाट में निकलीं दो तिरंगा यात्राएं
बालाघाट में भी देशभक्ति का उत्साह नजर आया।
यहां दो अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।
पहली यात्रा नगर पालिका ने आयोजित की।
दूसरी यात्रा डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से निकाली गई।
यात्राओं में आईजी ललित शाक्यवार, डीआईजी विनीत जैन और एसपी आदित्य मिश्रा समेत कई अधिकारी शामिल हुए।
स्कूली विद्यार्थियों और नागरिकों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
बैतूल में केंद्रीय मंत्री उइके हुए शामिल
बैतूल में भी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रैली निकाली गई।
इसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे भी रैली में शामिल हुए।
उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
हरदा और मैहर में भी दिखा जोश
हरदा(Photo) में जिला प्रशासन ने मिडिल स्कूल ग्राउंड से तिरंगा यात्रा निकाली।
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन और एसपी शशांक समेत कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी इसमें शामिल हुए।
उधर, मैहर में खेल मैदान से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा अलाउद्दीन तिराहे से होते हुए घंटाघर पहुंची।
यहां इसका समापन हुआ।
विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी और एसपी अवधेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
पिपरिया में बच्चों ने दिया घर-घर तिरंगा का संदेश
नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में शासकीय गांधी माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा निकाली।
बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर इतवारा बाजार से निकले।
इस दौरान भारत माता के जयकारे लगाए गए।
विद्यार्थियों ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील भी की।
सिंगरौली में 12 छात्रों की बिगड़ी तबीयत
इधर, सिंगरौली के चितरंगी में तिरंगा यात्रा के दौरान कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ गई।
तेज धूप और उमस के बीच सांदीपनि स्कूल के 12 छात्र-छात्राओं को चक्कर आने लगे।
कुछ बच्चे सड़क पर गिर पड़े। वहीं, कुछ छात्राओं को सांस लेने में परेशानी हुई।
सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
बीएमओ डॉ. हरिशंकर बस के अनुसार, एक छात्र की पुरानी मेडिकल हिस्ट्री थी।
उसे ऑक्सीजन दी गई। करीब डेढ़ घंटे बाद सभी बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट गए।
नीमच में तिरंगा उल्टा पकड़ने पर विवाद
नीमच जिले के जावद में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
यात्रा के दौरान झांतला बस स्टैंड पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सकलेचा की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया गया।
हालांकि, इसी दौरान एक विवादित दृश्य सामने आया।
हमारे संवाददाता सिराज खान के अनुसार, सिंगोली वार्ड-6 के पार्षद सुनील कुमार सोनी तिरंगे को उल्टा पकड़े नजर आए। बताया गया कि ध्वज में हरा रंग ऊपर और केसरिया रंग नीचे था।
ध्वज को नीचे की ओर झुकाकर रखने पर भी सवाल उठे।
लोगों ने इस पर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की। मामला चर्चा का विषय बन गया।
एक नजर में खबर
*भोपाल के बड़े तालाब में 350 से अधिक नावों के साथ तिरंगा यात्रा।
*ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी पर 151 नौकाओं ने लहराया तिरंगा।
*उज्जैन में कलेक्टर और एसपी घोड़ों पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए।
*मंडला में CRPF जवानों ने बाइक रैली निकालकर जागरूक किया।
*नीमच में तिरंगा उल्टा पकड़ने का मामला चर्चा में रहा।
*सिंगरौली में यात्रा के दौरान 12 छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ी।





