हार के बाद सफाई में उतरे नरोत्तम: बोले- आशुतोष मेरे अनुज, हमारे रिश्तों पर अफवाहें न फैलाएं

दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर सफाई दी। उन्होंने कहा कि आशुतोष तिवारी उनके अनुज हैं और दोनों के रिश्तों को लेकर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह गलत हैं।

दतिया(9826019364)।

दतिया उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

खासकर पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के रिश्तों को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं।

इसी बीच डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों को पूरी तरह भ्रामक और निराधार बताया।

दरअसल, उपचुनाव के नतीजों के बाद कथित भितरघात और नाराजगी की चर्चाएं तेज हो गई थीं।

कई सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों नेताओं के रिश्तों पर भी सवाल उठाए गए।

इसके बाद बुधवार को डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर एक भावुक पोस्ट साझा की।

‘आशुतोष मेरे अनुज, मैं उनके अभिभावक जैसा’

पोस्ट में नरोत्तम मिश्रा ने लिखा कि आशुतोष तिवारी उनके अनुज हैं।

उनके प्रति हमेशा स्नेह और आत्मीयता का भाव रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि दोनों के रिश्ते परिवार जैसे हैं।

उनके बीच कभी किसी तरह की कटुता नहीं रही।

भविष्य में भी ऐसा कोई सवाल नहीं है।

साथ ही उन्होंने लिखा कि बुधवार को भी दोनों की मुलाकात पहले की तरह आत्मीय माहौल में हुई।

सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही बातें पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं।

अफवाहों पर विराम लगाने की कोशिश

वहीं, राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह पोस्ट केवल व्यक्तिगत सफाई नहीं है।

इसे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए एक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।

अब यह माना जा रहा है कि नरोत्तम मिश्रा ने इस पोस्ट के जरिए पार्टी के भीतर मतभेदों की चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की है।