भारतीय पुरुष और महिला टीम खो खो विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची

भारतीय पुरुष और महिला टीम खो खो विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंची
खो खो विश्व कप 2025 में भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने कल शानदार प्रदर्शन करते हुए क्‍वार्टर फाईनल में प्रवेश किया। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में भारतीय पुरुष टीम ने पेरू के खिलाफ 70-38 से बड़ी जीत हासिल की। आदित्य गणपुले, शिवा रेड्डी और सचिन भारगो के बेहतर प्रयास से भारतीय टीम ने टर्न 1 से ही मैच में अपनी पकड़ बना ली और टर्न 2 में भी गति बनाए रखी। भारत ने टर्न 3 और 4 में दबदबा जारी रखते हुए 32 अंकों की शानदार जीत के साथ मैच आसानी से जीत लिया। इस जीत से क्वार्टर फाइनल में स्थान सुरक्षित करते हुए भारतीय टीम ने खिताब जीतने की ओर मज़बूती से कदम बढ़ा दिया है। अनिकेत पोटे को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी और रामजी कश्यप को सर्वश्रेष्ठ अटैकर का पुरस्कार दिया गया। पेरू टीम से गेनर वर्गास सर्वश्रेष्ठ अटैकर रहे। अनिकेत पोटे ने कहा कि उनकी रणनीति पहले मैच से ही स्‍पष्‍ट है। भारतीय टीम का पूरा ध्यान विश्व कप ट्रॉफी जीतने पर है।
भारतीय महिला टीम ने ईरान के खिलाफ 100-16 से शानदार जीत हासिल कर क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। भारत के आक्रामक खेल के कारण ईरान पहले बैच में केवल 33 सेकंड में ही आउट हो गई। अश्विनी ने आक्रामक खेल खेला और मीनू ने कई टच प्‍वाइंट हासिल किए। इससे भारत ने टर्न 1 में प्रभावशाली 50 अंक हासिल किए। भारत का दबदबा सभी चार टर्न में जारी रहा। प्रियंका इंगले को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया, जबकि मीनू सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर घोषित की गई। ईरान की ओर से मोबिना को सर्वश्रेष्ठ अटैकर चुना गया। भारतीय कप्तान प्रियंका इंगले ने जीत को टीम का सामूहिक प्रयास बताया। प्रियंका ने दर्शकों के ज़ोरदार समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *