पीएम मोदी करेंगे डीवीएम एक्सप्रेस-वे के अलीपुर से दौसा भाग का शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को एक और सौगात देने जा रहे हैं। इससे दिल्ली से जयपुर का सफर बहुत आसान हो जाएगा। दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेस-वे (डीवीएम एक्सप्रेस-वे) के गांव अलीपुर से दौसा तक के भाग का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को करेंगे।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर देश की आर्थिक राजधानी मुंबई तक 1,380 किलोमीटर लंबे डीवीएम एक्सप्रेस-वे का निर्माण किया जा रहा है। इसे कई भागों में बांटा गया है। गांव अलीपुर से दौसा तक का भाग 220 किलोमीटर का है।
फिलहाल इतनी दूरी तय करने में लगभग पांच घंटे लगते हैं। चालू किए जाने के बाद दो से ढाई घंटे में इतनी दूरी कार से तय कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हेलीकॉप्टर से सीधे दौसा पहुंचेंगे। इसे ध्यान में रखकर समारोह स्थल के नजदीक ही तीन हेलीपैड बनाए गए हैं। समारोह स्थल और आसपास के इलाके को एसपीजी ने अपने नियंत्रण में ले लिया है।