बीबीसी के दिल्ली और मुंबई स्थित ऑफिस पर मंगलवार (14 फरवरी) इनकम टैक्स डिपार्टमेंट (Income Tax) की छापेमारी चल रही है. सूत्रों से जानकारी मिली है कि आयकर विभाग की टीम अभी भी बीबीसी ऑफिस में है और छापेमारी की प्रक्रिया जारी है. आईटी डिपार्टमेंट के अधिकारी बीबीसी के ऑफिस में कागजों और कंप्यूटर के डेटा को खंगाल रहे हैं. ये रेड सुबह 11:30 बजे से चल रही है.
सूत्रों ने बताया है कि ऑफिस के अंदर मौजूद सभी कर्मचारियों को फोन का इस्तेमाल नहीं करने के लिए कहा गया है. सभी कर्मचारियों को एक ही कमरे में रखा गया है. मुंबई के बीबीसी दफ्तर में किसी से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है. सूत्रों से पता चला है कि आयकर अधिकारी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का बैकअप लेंगे और इसे लोगों को वापस सौंप देंगे.
बीबीसी IT रेड पर राजनीति
बीबीसी दफ्तर पर रेड को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है. कांग्रेस ने ट्वीट कर रेड को अघोषित आपातकाल बताया है. कांग्रेस ने ट्वीट में लिखा, “पहले BBC की डॉक्यूमेंट्री आई, उसे बैन किया गया… अब BBC पर IT का छापा पड़ गया है. अघोषित आपातकाल.”