नौगांव में शून्य पर पहुंचा पारा

उत्तर भारत की तरफ से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में ठिठुरन बरकरार है। इसी क्रम में शुक्रवार को नौगांव में पारा शून्य पर पहुंच गया। छतरपुर, दतिया एवं गुना में शीतलहर चली। राजधानी में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। यह सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करने लगेगा। इसके असर से वहां के पहाड़ों पर बर्फबारी तो होगी, लेकिन हवाओं का रुख बदलने की वजह से मध्य प्रदेश में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर एक बार फिर सर्दी बढ़ने लगेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहां से आ रही सर्द हवाओं के कारण राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में ठिठुरन बनी हुई है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उसके आसपास बना हुआ है। इस मौसम प्रणाली के शनिवार को उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इसके असर से उत्तर भारत के पहाड़ों पर एक बार फिर बर्फबारी होगी। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा का रुख बदलने के कारण मध्य प्रदेश में तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने लगेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *