Karni Sena Agitation: करणी सेना का भोपाल आंदोलन स्थगित

भोपाल। Karni Sena Agitation करणी सेना ने भोपाल में जारी अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है। राज्य के सहकारिता मंत्री डॉ अरविन्द भदौरिया ने बुधवार शाम को अनशन पर बैठे आंदोलनकरियों को जूस पिलाकर उनका अनशन ख़त्म कराया।

डॉ भदोरिया ने करणी सेना के पदाधिकारियों को यह स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार से संबंधित मांगों को एक अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी की कमेटी बनाकर हल किया जाएगा।

इसके बाद करणी सेना ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।

21 में से 18 मांगों पर बानी सहमति
21 सूत्रीय मांगों में से 18 मांगों पर सरकार के साथ सहमति बन गई है। आरक्षण, एट्रोसिटी समेत 3 मांगों के लिए कमेटी बनाई जाएगी। बुधवार देर शाम सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर से मिलने जंबूरी मैदान पहुंचे। यहां शेरपुर ने मंत्री भदौरिया को 21 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।

करणी सेना परिवार एवं सर्व समाज के प्रवक्ता शैलेंद्र सिंह राजपूत ने मीडिया को बताया कि आरक्षण समेत 3 मांगों के लिए तीन मंत्रियों की कमेटी बनाई गई है। इसमें गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा और सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया शामिल हैं। यह कमेटी हमारी 21 सूत्रीय मांगों की समीक्षा करेगी।

बिना अनुमति अनशन से बढ़ी परेशानी
संगठन के लोग बीते चार दिनों से बिना अनुमति आम रास्ता रोककर भोपाल के महात्मा गांधी चौराहे पर धरना दे रहे थे। इनमें से 5 पदाधिकारी आमरण अनशन पर बैठ हुए थे। जबकि उन्होंने जम्बूरी मैदान में सम्मेलन के लिए पुलिस कमिश्नर से सिर्फ एक दिन (रविवार) के लिए अनुमति ली थी।

अन्य संगठनों के समर्थन से यहां भीड़ बढ़ गई। ऐसे में महात्मा गांधी चौराहे से अवधपुरी तिराहे तक रास्ता बंद हो गया । इससे अवधपुरी और आसपास की 2 लाख की आबादी को परेशान उठाना पड़ रही थी । कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 पुलिसकर्मी मौके पर तैनात किये गए।

उज्जैन में भी प्रदर्शन , पुलिस से झड़प
उज्जैन के महिदपुर में आज करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस के रोकने पर कार्यकर्ताओं ने झड़प की। पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए सभी को खदेड़ा। खंडवा में दो दिन पहले पुतला जलाने पर एफआईआर हुई है। आगर और शाजापुर में भी पुतले जलाए गए।

गृहमंत्री बोले- अपने लोग हैं मना लेंगे
इससे पहले करनी सेना के आंदोलन को लेकर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, प्रदर्शनकारी हमारे अपने हैं। कोई गैर नहीं। हम भाइयों में आपस में कोई बैर नहीं। उनसे चर्चा करेंगे, आग्रह करेंगे, निवेदन करेंगे। मेरा मानना है कि हमारे स्वजन हैं, मान जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *