सीएम यादव,सिंधिया देंगे गुना को बड़ी सौगात: 10 मई को अंचल के पहले सीमेंट प्लांट का शिलान्यास

शिवकुमार जोगी,गुना।
(9685479787)

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री व गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) 10 मई को गुना को औद्योगिक विकास की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। अदाणी समूह की ओर से स्थापित किए जा रहे ग्वालियर-चंबल अंचल के पहले सीमेंट प्लांट का शिलान्यास दोनों नेता संयुक्त रूप से करेंगे।

करीब 1059 करोड़ रुपये की इस परियोजना को गुना और आसपास के क्षेत्र के लिए रोजगार व निवेश के नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है।

दशहरा मैदान में होगा भव्य कार्यक्रम

कार्यक्रम में अदाणी समूह के निदेशक प्रणव अदाणी (Pranav Adani) भी मौजूद रहेंगे।

अदाणी सीमेंट एवं अंबुजा सीमेंट के तहत बनने वाली गुना सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट (2×2 MTPA) का

शिलान्यास समारोह 10 मई को दोपहर 3:30 बजे दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा।

3500 करोड़ निवेश से बदलेगी औद्योगिक तस्वीर

अदाणी समूह ने गुना क्षेत्र में करीब 3500 करोड़ रुपये निवेश की योजना बनाई है। शुरुआती चरण में लगभग 1100 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक तकनीक वाला सीमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

 व्यापार और परिवहन को भी मिलेगा फायदा

सीमेंट प्लांट शुरू होने के बाद क्षेत्र में परिवहन, व्यापार, होटल, आवास और छोटे कारोबारों को भी नई गति मिलने की संभावना जताई जा रही है। इससे गुना की पहचान कृषि प्रधान जिले के साथ-साथ औद्योगिक केंद्र के रूप में भी मजबूत होगी।

प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक ​हितिका वासल समूची व्यवस्था पर निगाह रखें हुए हैं।

पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा प्रबंधों को अंतिम रूप देने में जुटा है। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत समेत कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *