Shahdol,MP: मजदूरी देने में भी 41 रु. की चुंगी ! सचिव निलंबित,सहायक को पद से हटाया

उदित पांडे,शहडोल। Jila Panchayat Shahdol मनरेगा से कराए जा रहे अमृत सरोवर निर्माण में मजदूरों के पारिश्रमिक में करीब 41 रुपए की कटौती किए जाने का मामला सामने आया है।जिला सीईओ हिमांशु चंद्र ने इस शिकायत को सिर्फ नाराजगी प्रदर्शित कर ​टाल दिया,लेकिन एक अन्य पंचायत में सरोवर निर्माण की धीमी गति व गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित पंचायत सचिव को निलंबित करने,रोजगार सहायक को पद से हटाने एवं पंचायत सरपंच को धारा 40 अंतर्गत नोटिस थमाए जाने के ​आदेश दिए।

2015 बैच के आईएएस हैं हिमांशु चंद्र
सीईओ हिमांशु चंद्र मप्र कैडर के वर्ष 2015 बैच के आईएएस IAS Himanshu Chandra 2015 Batch हैं।करीब साल भर पहले ही उन्होंने शहडोल जिला पंचायत सीईओ का दायित्व संभाला। इससे पहले वह सीईओ जिला पंचायत व अपर कलेक्टर इंदौर, सीईओ जिला पंचायत छतरपुर, एसडीएम सौशर, छिंदवाड़ा, इटारसी, होशंगाबाद सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।

हालात देख रह गए सन्न

लंबे अर्से बाद सीईओ मैदानी निरीक्षण पर पहुंचे तो पंचायतों की हालत देख सन्न रह गए। भ्रमण के दौरान कटकोना पंचायत में नर्सरी देखने पहुंचे तो वहां संबंधित उपसंचालक ही मौके से नदारद मिले। सीईओ ने मौके पर मिले जनपद पंचायत बुढ़ार के सहायक यंत्री आरके​ द्विवेदी को विस्तृत जांच कर तीन दिन में रिपोर्ट देने को कहा। अब एई अपने से वरिष्ठ स्तर के अधिकारी डिप्टी डायरेक्टर की जांच कैसे करेंगे यह देखने वाली बात होगी।

बहरहाल,सीइओ आगे बढ़े..कटकोना से बचरवार पंचायत पहुंचे तो यहां श्रमिकों ने मजदूरी के लिए तय राशि 221 की जगह 180 रुपए ही मिलने की शिकायत की। यह सुन सीइओ ने सिर्फ अप्रसन्नता जाहिर की व भविष्य में पूरा मेहनताना दिए जाने के निर्देश देकर आगे बढ़ गए।

सरपंच को धारा 40 का मिलेगा नोटिस
यहां से श्री हिमांशु ग्राम पंचायत टेंघा पहुंचे तो वहां अमृत सरोवर का काम ठप्प मिला। वहीं निर्माण कार्यों में भी गड़बड़ी मिली। इससे गुस्साए सीईओ ने पंचायत सचिव को निलंबित करने,रोजगार सहायक का एक सप्ताह की वेतन कटौती कर उसे पद से हटाने व सरपंच को धारा 40 के तहत नोटिस दिए जाने के आदेश दिए।

कमोबेश यही स्थिति अगली ग्राम पंचायत जमलई में भी देखी गई। यहां भी टेंघा जैसे हालात देख सीईओ ने प्रभारी सचिव, ग्राम रोजगार सहायक के सात दिन की वेतन कटौती करने व एक पखवाड़े में कार्य पूरा करने के आदेश दिए।

लक्ष्य हासिल नहीं होने पर होगी कार्रवाई
पंचायतों के निरीक्षण उपरांत सीईओ ने बुढ़ार में समीक्षा बैठक की।

इसमें उन्होंने मनरेगा अंतर्गत प्रतिदिन न्यूनतम सौ श्रमिकों को कार्य पर लगाए जाने,पूरी मजदूरी दिए जाने,सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का शत प्रतिशत निराकरण करने,पीएम आवास योजना अंतर्गत जून में 4 सौ आवास एवं समग्र स्वच्छता अभियान लक्ष्य को हासिल करने के निर्देश दिए।

सीईओ ने कहा कि कार्य की प्रगति के लिए सेक्टरवार समीक्षा बैठक नियमिततौर पर की जाए। उन्होंने लक्ष्य की पूर्ति नहीं करने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजने के लिये भी कहा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *