MP Board Exam 2024: 12 वीं में 70 अंकों का, 10 वीं में 75 अंकों का होगा प्रश्नपत्र

 

भोपाल| माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पांच फरवरी से आयोजित होने वाली 10वीं व 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। आंतरिक मूल्यांकन के लिए मूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति और अंक देने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

 

10वीं में 75 अंक का सैद्धांतिक प्रश्नपत्र और 25 अंक का आंतरिक मूल्यांकन होगा, वहीं 12वीं में प्रायोगिक विषयों में 70 अंकों का प्रश्नपत्र और 30 का प्रयोग होगा, जबकि बिना प्रायोगिक विषयों का प्रश्नपत्र 80 अंक का और 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन होगा।

दोनों कक्षाओं में स्वाध्यायी विद्यार्थियों का आंतरिक मूल्यांकन नहीं होगा। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि आंतरिक मूल्यांकन के अंक आनलाइन भरे जाएंगे। मंडल की ओर से आंतरिक और बाह्य मूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति के लिए भी गाइडलाइन जारी कर दी है।

प्रायोगिक परीक्षा के लिए आंतरिक मूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति संबंधित स्कूल के प्राचार्य द्वारा उनके स्कूल में कार्यरत संबंधित विषय के शिक्षकों से की जाएगी। स्कूलों के एमपी आनलाइन के लाग इन में पांच मार्च से आंतरिक मूल्यांकन और प्रायोगिक परीक्षा के अंक भरे जाएंगे।

इस तरह होगी मूल्यांकनकर्ताओं की नियुक्ति

10वीं की विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा में आंतरिक मूल्यांकनकर्ता की नियुक्ति बाह्य मूल्यांकनकर्ता के विषय समूह के पूरक के रूप में की जाएगी। उदाहरण के तौर पर अगर बाह्य परीक्षक भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र समूह का है तो आंतरिक मूल्यांकनकर्ता जीव विज्ञान, रसायनशास्त्र ग्रुप का नियुक्त किया जाएगा। अगर एक ही मूल्यांकनकर्ता को एक से अधिक स्कूलों में बाह्य मूल्यांकनकर्ता नियुक्त किया जाता है तो उन स्कूलों की प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां अलग-अलग होनी चाहिए।

स्वाध्यायी विद्यार्थियों को अधिभार मिलेगा

10 वीं में नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए 75 अंकों का प्रश्नपत्र रहेगा। नियमित विद्यार्थियों के लिए 75 अंक सैद्वांतिक और 25 अंक प्रोजेक्ट, प्रैक्टिकल और नोटबुक के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा स्वाध्यायी विद्यार्थियों का आंतरिक मूल्यांकन नहीं होगा। उनका 75 अंकों के प्राप्तांक का 100 प्रतिशत अधिभार देकर अंकसूची तैयार की जाएगी।

12 वीं में यह होगा

12 वीं के नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए प्रायोगिक विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों के प्रश्नपत्र 80 अंक के होंगे।नियमित विद्यार्थियों के लिए 20 अंक आंतरिक मूल्यांकन के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए 80 अंक का प्रश्नपत्र बनाया जाएगा और 100 अंक से मूल्यांकन किया जाएगा।

स्कूलों को भेजने होंगे अंक

आनलाइन ओएमआर शीट में एक बार अंक प्रविष्टि करने के बाद उसका प्रिंट निकालकर संबंधित स्कूलों को उसका मिलान करना होगा। इसके बाद उसे फाइनल लाक प्राचार्यों को करना होगा। फाइनल लाक के बाद संबंधित शीट में किसी भी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के प्रायोगिक और आंतरिक परीक्षाओं के नंबर केवल आनलाइन ही मान्य किए जाएंगे। आफलाइन अंक किसी भी स्थिति में मान्य नहीं किए जाएंगे।मंडल ने इसे सावधानीपूर्वक भरने के निर्देश दिए हैं, ताकि बाद में किसी भी तरह की समस्या न आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *