CM Shivraj की घोषणा पर अमल: Industrial area में 20 % भूखंड ST/SC को मिलेंगे,विकास शुल्क सहित और भी कई छूट

भोपाल। प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में 20 प्रतिशत भूखंड अब एससी व एसटी वर्ग के उद्यमियों के लिए आरक्षित होंगे। राज्य के एमएसएमई विभाग ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणा पर अमल करते हुए सोमवार को उक्ताशय के आदेश जारी किए।

आदेश में कहा गया कि अनुसूचित जाति (अजा) और अनुसूचित जनजाति (अजजा) वर्ग के उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए मध्य प्रदेश में विकसित औद्योगिक क्षेत्रों में 20 प्रतिशत भूखंड आरक्षित किए जाएंगे। उद्यमियों को लीज रेंट और विकास शुल्क में 50 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट भी मिलेगी।

ज्ञात हो कि गत 8 फरवरी को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संत रविदास की जयंती पर अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों के हित में ये घोषणाएं की थीं, जिसके सोमवार को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग ने आदेश जारी कर दिए। इसके लिए औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2021 में संशोधन किया गया है।

आदेश में कहा गया कि औद्योगिक क्षेत्रों में अनुसूचित जाति-जनजाति वर्ग के उद्यमियों को उद्योग की स्थापना के लिए भूखंड प्राथमिकता के आधार पर दिए जाएंगे। इसके लिए 20 प्रतिशत भूखंड आरक्षित रहेंगे। इसके साथ ही सेबी से अधिमान्य संस्था से निवेश प्राप्त करने पर आरक्षित वर्ग के उद्यमियों द्वारा स्थापित स्टार्टअप को 18 प्रतिशत की सहायता मिलेगी, जो अधिकतम 18 लाख रुपये होगी।

यह सहायता चार चरणों में अधिकतम 72 लाख की सीमा के तहत देय होगी। इस सहायता के लिए मध्य प्रदेश स्टार्टअप नीति एवं कार्यान्वयन योजना 2022 में संशोधन कर प्रविधान किया गया है । ऐसे स्टार्टअप में इन वर्गों के उद्यमियों की भागीदारी 51 प्रतिशत से कम नहीं होना चाहिए।

इसी तरह शासन जो भी सामग्री क्रय करेगी उसमें चार प्रतिशत अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों से करनी होगी।

डिक्की ने जताया शिवराज का आभार
इधर,दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डिक्की) मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ अनिल सिरवैया (Photo) ने एमएसएमई विभाग द्वारा जारी आदेशों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान नगरीय प्रशासन विभाग को सेनिटेशन पॉलिसी एवं पेट्रोल पम्पों के लिए राजस्व भूमि लीज पर देने जैसी घोषणाएं भी कर चुके हैं। इनके आदेश जारी होने का भी संबंधित वर्ग के उद्यमियों को बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *