महाकाल महालोक के पास हवाई सेवाओं का विस्तार होगा

मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में हवाई अड्डा बनाया जाएगा। महाकाल महालोक के पास दताना हवाई पट्टी का विस्तार कर इसे हवाई अड्डे का स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण, हवाई पट्टी की लंबाई-चौड़ाई बढ़ाने एवं बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। उज्जैन के ही वाकणकर पुल के पास स्थाई हेलीपेड का निर्माण भी किया जाएगा और डीआरपी लाइन स्थित हेलीपेड के पास लाउंज बनाया जाएगा।
इन सभी निर्माण कार्यों के लिए 187 करोड़ 70 लाख 77 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश सरकार नया स्टेट जेट प्लेन खरीदने जा रही है, पिछले एक वर्ष से इसकी प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के चुनिंदा शहरों को छोड़कर कहीं भी जेट प्लेन उतारे जाने योग्य हवाई पट्टी नहीं है। ऐसे में प्रदेशभर की हवाई पट्टियों का विस्तार कर उन्हें जेट प्लेन उतारने योग्य बनाया जा रहा है।
राज्य शासन के विमानन विभाग के मुताबिक सिवनी जिले की सुकतरा हवाई पट्टी के नवीनीकरण एवं बाउंड्रीवाल निर्माण और बालाघाट जिले की बिरवा हवाई पट्टी के बीटी नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव अभी परीक्षणाधीन हैं। दतिया जिले की हवाई पट्टी के नवीनीकरण के लिए दो करोड़ 42 लाख 14 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, इस कार्य के लिए अनुबंध हो चुका है। इनके अलावा रतलाम, नीमच, खरगोन, सतना, सीधी, उमरिया, छिंदवाड़ा और मंडला जिले में स्थित हवाई पट्टियों का नवीनीकरण और बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *