मप्र: मंत्रियों को परफॉरमेंस सुधारने की नसीहत,पिछली बार हारे थे 13 मंत्री

भोपाल। विकास यात्रा समीक्षा को लेकर रविवार को मुख्यमंत्री निवास में बैठक हुई। इसमें राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य मौजूद रहे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों को और अधिक सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए।

ज्ञात हो कि विधानसभा के पिछले आम चुनाव में 13 मंत्री चुनाव हार गए थे। इसे ध्यान में रखते हुए मं​त्रियों को अपनी कार्यशैली में और अधिक सुधार लाने की बात नसीहत भी मिली।

सूत्रों के अनुसार,बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में पांच फरवरी से चल रही विकास यात्रा से विश्वास का वातावरण बना है। हमने जो कहा वह करके दिखाया है कांग्रेस ने एक हजार रुपये पेंशन देने की बात कही थी लेकिन किसी को भी इसका लाभ नहीं मिला।

कर्ज माफी हो या फिर किसानों के हित में उठाए जाने वाले अन्य कदमों के वादे भी पूरे नहीं किए। जबकि, हमने न केवल किसानों को सम्मान निधि दी बल्कि उनके कल्याण के लिए कई कार्यक्रम भी संचालित किए हैं।

लिया विकास यात्रा का फीडबैक

मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने का काम किया गया है। जो भी अभी वंचित रह गए हैं, उन्हें भी लाभ दिलाया जाएगा। विकास यात्रा ने जो फीडबैक मिल रहा है वह संतोषजनक है। सभी मंत्री प्रभार के जिलों में सक्रियता बढ़ाएं और हितग्राहियों से सीधा संवाद करें।

“5 मार्च से भरे जाएंगे ‘लाड़ली बहना’ के फॉर्म “
बैठक के बाद कृषि मंत्री कमल पटेल ने बताया कि विकास यात्रा को लेकर सभी मंत्रियों ने अपने अपने क्षेत्र में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने जिलों में किए जा रहे हैं नवाचारों से अवगत कराते हुए कहा कि इसे और विस्तार दिया जाए। विकास यात्राएं जारी रहेंगी। पांच मार्च से लाडली लक्ष्मी बहना योगा के फार्म भरने का काम शुरू होगा। सभी मंत्री इसे प्राथमिकता दें और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर इस कार्य को पूरा कराएं।

यह योजना क्रांतिकारी कदम है। इससे महिला सशक्तीकरण होगा। नल जल योजना के माध्यम से घर-घर जल पहुंचाने का काम किया जा रहा है। जहां जहां योजना का काम पूरा हो चुका है वहां कार्यक्रम कर इन्हें जनता को समर्पित किया जाए। मंत्री प्रभार के जिलों में सक्रियता बढ़ाएं। विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से सीधा संवाद करें। बैठक में सभी मंत्री उपस्थित थे।

‘विकास यात्रा को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई’

वहीं गृहमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में बताया- विकास यात्रा को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। मंत्रियों ने अपने गृहजिले और प्रभार के जिलों की जानकारी दी।

काम में कसावट के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा विकास यात्रा उसी दृष्टि से चल रही है। सभी जगहों से विकास यात्रा में अच्छी खबरें आ रहीं हैं। मंत्रियों को परफॉरमेंस सुधारने के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *