मप्र भाजपा कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को,पहले मैदानी फीडबैक पर होगा मंथन

भोपाल। प्रदेश भाजपा के शीर्ष पदाधिकारियों की बैठक मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में होगी।इसमें मैदानी स्तर से मिले फीडबैक पर मंथन होगा। इसके बाद पार्टी कोर ग्रुप की बैठक भी होगी।

प्रारंभिक बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव, सह प्रभारी रमाशंकर कठेरिया, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा बैठक करेंगे। इसके बाद कोरग्रुप की बैठक भी होगी, जिसमें पार्टी के आगामी कार्यक्रमों पर विचार किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित वरिष्ठ पदाधिकारी हिस्सा लेंगे।

इन 14 नेताओं से ​मिला फीडबैक
पार्टी संगठन ने केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, गोपाल भार्गव, माखन सिंह, प्रभात झा, सत्यनारायण जटिया, राकेश सिंह, फग्गन सिंह कुलस्ते, सुधीर गुप्ता, लाल सिंह आर्य, जयभान सिंह पवैया, राजेंद्र शुक्ल सहित अन्य नेताओं को अलग-अलग जिलों में भेजा था।

इन्हें पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा करके स्थिति का आकलन करना था। सभी नेताओं के दौरे हो चुके हैं। इनके फीडबैक पर मंगलवार को चर्चा होगी। इसके साथ ही कोरग्रुप की बैठक भी बुलाई गई है। इसमें चुनाव की तैयारी के साथ आगामी कार्यक्रम पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

बूथ विस्तार पर भी होगी चर्चा
बूथ विस्तार योजना के दूसरे चरण की समीक्षा भी होगी। पार्टी ने इसमें अर्द्ध पन्ना प्रभारी नियुक्त किए हैं और मतदान केंद्रवार डाटा तैयार किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 24 अप्रैल को रीवा में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा भी की जाएगी। प्रधानमंत्री पंचायतराज दिवस के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसमें प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के चार लाख हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *