मप्र पुलिस: गुना बस हादसे का दाग लिए झा हुए रिटायर,आलोक रंजन बने स्पेशल डीजी

भोपाल(Janprachar.com)। साल 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी व मप्र पुलिस में स्पेशल डीजी ट्रेनिंग संजय झा बुधवार को सेवानिवृत हो गए। उनकी जगह साल 1991 बैच के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रबंध आलोक रंजन को स्पेशल डीजी बनाया गया है। शासन ने बुधवार को इसका आदेश जारी कर दिया।कौन है आईपीएस संजय कुमार झा
बता दें कि संजय झा परिवहन आयुक्त थे,जिन्हें गुना बस हादसे के बाद वहां से हटाकर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ किया था। संजय कुमार झा का जन्म बिहार के मधुबनी जिला के डुमरा गांव में हुआ था। वह मप्र कैडर के अधिकारी थे,लेकिन उनका ज्यादातर कार्यकाल अपने गृह राज्य बिहार में सशस्त्र सीमा बल एसएसबी के डीआईजी ग्रुप में मुजफ्फरपुर और पटना में बीता। बिहार में उत्कृष्ट सेवा पर उन्हें राष्ट्रपति मैडल भी मिला। हालांकि झा मप्र में जोनल आईजी के रूप में उज्जैन चंबल जबलपुर और भोपाल में भी पदस्थ रहे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में भी बतौर डिप्टी डायरेक्टर जनरल सेवाएं दी। शिवराज—4 में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खास मुकेश जैन को हटाकर झा को परिवहन आयुक्त बनाया गया। इसे सिंधिया के लिए बड़ा झटका भी माना गया था। बीते साल दिसंबर अंत में गुना में हुए एक भीषण सड़क हादसे में 12 बस यात्रियों के जिंदा जलने व 13लोगों की मौत के बाद डॉ मोहन यादव सरकार ने गुना एसपी,कलेक्टर के साथ ही परिवहन आयुक्त को भी पद से हटा दिया था।
पूरा परिवार शासकीय सेवा में
सेवानिवृत आईपीएस संजय कुमार झा की पत्नी डॉक्टर एमके झा रेलवे में दिल्ली में सीनियर DMO के पद पर,बेटी 2017 बैच की आईएएस व दामाद अक्षय भी 2017 बैच के राजस्थान केडर के आईएएस अधिकारी हैं। झा की माता जी भी स्कूल शिक्षा में प्राचार्य रहीं।
अगले महीने प्रज्ञा बनेंगी स्पेशल डीजी
अब एक महीने बाद 31 अगस्त को स्पेशल डीजी एवं डायरेक्टर अभियोजन सुषमा सिंह सेवानिवृत होंगी। उनके स्थान पर एडीजी महिला सुरक्षा प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव स्पेशल डीजी बनेंगी। इसी वर्ष 30 नवंबर को डीजीपी सुधीर सक्सेना के सेवानिवृत होने पर एक स्पेशल डीजी को डीजीपी बनने का अवसर मिलेगा। ऐसे में स्पेशल डीजी का एक पद रिक्त होने पर एडीजी तकनीकी सेवाएं योगेश मुद्गल को डीजी बनने का मौका मिलेगा।
काडर व नॉन काडर के बनाए गए हैं 12
बता दें कि प्रदेश में डीजी काडर के पांच पद हैं। प्रदेश में काडर और नॉन काडर मिलाकर इसके 12 पद बनाए गए हैं। काडर पद में डीजीपी के अतिरिक्त चेयरमैन पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन, डीजी होमगार्ड, डीजी जेल और स्पेशल डीजी (प्रशिक्षण) के पद शामिल हैं। लोकायुक्त और ईओडब्ल्यू में भी डीजी का पद हैं, लेकिन यह काडर पद नहीं है।
ये पुलिस अधिकारी होंगे सेवानिवृत
सुषमा सिंह स्पेशल डीजी- 31 अगस्त
राजेश कुमार गुप्ता एडीजी- 30 सितंबर
अनिल कुमार गुप्ता एडीजी- 30 सितंबर
आरके हिंगणकर डीआइजी – 31 अक्टूबर
सुधीर कुमार सक्सेना- डीजीपी- 30 नवंबर
महेंद्र सिंह सिकरवार आइजी- 31 दिसंबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *