भ्रष्टाचार का गढ़ बना मध्य प्रदेश,गठजोड़ से हो रहा करप्शन: रानी अग्रवाल

भोपाल, 26 मई (जनप्रचार)।मध्य प्रदेश में चल रहे भ्रष्टाचार को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है। प्रदेश में हर रोज भ्रष्टाचार के नए-नए मामलों का खुलासा हो रहा है। मध्य प्रदेश में अफसरशाही हावी है और अफसर, कर्मचारी दोनों हाथों से सूबे का खजाना लूटने में जुटे हैं।

आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार अबतक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। न तो सरकार का अफसरों,कर्मचारियों पर कोई नियंत्रण हैं और न ही सरकार भ्रष्टाचार पर लगाम लगा पा रही है। प्रदेश की हर सरकारी योजना में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।

सरकारी विभागों में भी आम आदमी को लूटा जा रहा है। कर्मचारी,अधिकारी लोगों से खुलेआम रिश्वत की मांग कर रहे हैं। प्रदेश में बिना लिए-दिए लोगों के कोई काम नहीं हो रहे हैं। सूचना आयोग का बाबू हो या फिर प्रदेश के पटवारी हर रोज रिश्वत लेते पकड़े जा रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों के पास करोड़ों की अकूत संपत्ति का खुलासा हो रहा है।

रानी अग्रवाल ने कहा कि भोपाल की आदमपुर छावनी में कचरा निष्पादन के लिए एजेंसी को क्षमता दोगुनी करने को कहा गया लेकिन प्लांट लगा ही नहीं और करोड़ों का भुगतान कर दिया गया। आखिर ऐसी किसकी एजेंसी थी जिसको बिना प्लांट लगे भुगतान किया गया। आखिर भुगतान करने की नगर निगम को इतनी जल्दी क्या थी।

आप की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौलो महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि 18 साल की भाजपा सरकार में ऐसा कोई विभाग,क्षेत्र नहीं हैं जहां भ्रष्टाचार न हुआ हो। प्रदेश में कोई भी सरकारी बिना रिश्वत के नहीं होता है। अब जरा अंदाजा लगाइए कि रोज कमाकर परिवार का पेट पालने वाला गरीब आखिर 5-10 हजार रुपये की रिश्वत कैसे दे पाएगा। भाजपा के राज में अफसरशाही इतनी हावी है कि अफसर मंत्री,विधायकों की भी नहीं सुनते हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की खबर क्या सरकार के मंत्रियों, मुख्यमंत्री को नहीं हैं।सबको सब पता है लेकिन सरकार आंखें मूंदे है क्योंकि कमीशन का पैसा नीचे से ऊपर तक जा रहा है। प्रदेश में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के कारण आम आदमी परेशान हैं।

रानी अग्रवाल ने आगे कहा कि अगर मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार आई तो भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी पर लगाम लगाई जाएगी और भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *