भोपाल। उमरिया जिले के मानपुर एवं पाली नगरीय निकाय अंतर्गत गत दिनों हुए सामूहिक विवाह सम्मेलन में हितग्राही दंपतियों को घटिया सामग्रियां दिए जाने का मामला राज्य विधानसभा में भी गूंजा।
इस मामले में हुई गर्मागर्म बहस के बाद संसदीय कार्यमंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने मामले की उच्च स्तरीय जांच का आश्वासन दिया। जांच दल में कांग्रेस विधायक विजय लक्ष्मी साधौं भी शामिल रहेंगी।
ज्ञात हो कि गत 25 फरवरी को मानपुर एवं पाली नगरीय निकायों द्वारा सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए गए थे।
इसमें 86 जोड़ों को उपहार में पलंग,ज्वेलरी सहित घटिया सामग्री प्रदाय किए जाने पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं जनजातीय कार्य विभाग की मंत्री सुश्री मीना सिंह ने नाराजगी जताई थी।
मंत्री के निर्देश के बाद नहीं मिली हितग्राहियों को राशि
उन्होंने प्रत्यके हितग्राही के खाते में 12950 रुपए की नगद राशि जमा कराने के निर्देश दिए थे। इस प्रकरण को तब janprachar.com ने भी प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद यह मामला सोमवार को राज्य विधानसभा में भी गूंजा।
यह मामला कांग्रेस की विजयलक्ष्मी साधौ ने प्रश्नकाल के दौरान उठाया। उन्होंने कहा कि उक्त कार्यक्रम में मंत्री मीना सिंह भी पहुंची थी। उन्होंने दंपती को दी जाने वाली ज्वेलरी देख मंच से आदेश देते हुए अधिकारियों को कहा कि यह जेवर हल्के लग रहे हैं। मंत्री ने कहा था कि वर-वधु को मिलने वाले जेवर 12,950 रुपए की जगह पांच-छः हजार के हैं।
इन जेवरातों को वापस कर वर-वधु को खाते में राशि दी जाए। उन्होंने कहा कि एक-दो दिन या सात दिन में खातों में रुपए डाल दें,लेकिन 15 दिन से अधिक समय गुजरने के बावजूद मंत्री के निर्देशों का पालन नहीं हुआ।