अतिक्रमणकारियों ने बुरहानपुर में वन और पुलिस टीम पर देशी चीजों से किया हमला

अतिक्रमणकारियों ने बुरहानपुर में वन और पुलिस टीम पर देशी चीजों से किया हमला

शनिवार सुबह सीसीएफ आरपी राय और डीएफओ अनुपम शर्मा के नेतृत्व में करीब 200 वन कर्मी और कुछ पुलिसकर्मियों की टीम घाघरला के जंगल में घुसी। पहले से तैयार बैठे अतिक्रमणकारियों ने इस टीम पर तीर वा गोफन से हमला बोल दिया। हमले में एक ग्रामीण और दो वन रक्षकों को तीर लगे हैं। वनकर्मी, पुलिस और ग्रामीणों को मिलाकर अब तक 14 लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें से सात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष लोगों का सिविल और नेपानगर के स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज चल रहा है।

सीसीएफ का कहना है कि अतिक्रमणकारियों ने रात में देसी बम और भरमार बंदूकों से फायरिंग भी की है, फिलहाल पुलिस ने अपना बल जंगल में भेजने से इनकार कर दिया है। ऐसे में वन विभाग की टीम वापस लौट आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद कलेक्टर भव्या मित्तल व एसपी राहुल लोढ़ा भी घाघरला गांव पहुंचे थे। यहां ग्रामीणों ने अतिक्रमणकारियों को सख्ती से नहीं खदेड़े जाने पर आक्रोश जताया।

कुछ देर पहले घाघरला गांव पहुंचे एसपी राहुल लोढा व अन्य पुलिस अफसरों को ग्रामीणों ने बंधक जैसी स्थिति में रखा हुआ है। उन्होंने लोहे का गेट बंद कर बाहर डेरा जमा लिया है और अतिक्रमणकारियों को खदेड़ने की मांग कर रहे हैं। सुबह हुए हमले के दौरान भी वन और पुलिसकर्मी जान बचाकर भागते नजर आए जबकि ग्रामीण अतिक्रमणकारियों का मुकाबला करने के लिए कह रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *