वीमेंस वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल की आस बरकरार,शेफाली की तूफानी फिफ्टी से बांग्लादेश पर भारत की दमदार जीत

शेफाली वर्मा के अर्धशतक और राधा यादव की शानदार गेंदबाजी की बदौलत भारत ने बांग्लादेश को 5 विकेट से हराकर महिला टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें मजबूत कर लीं।

मैनचेस्टर, एजेंसी।

भारतीय महिला टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को मजबूत करते हुए बांग्लादेश को 5 विकेट से हरा दिया। मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में गेंदबाजों ने पहले बांग्लादेश को 136 रन पर रोक दिया, फिर शेफाली वर्मा की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी की बदौलत भारत ने 16.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।

शेफाली ने बदला मैच का रुख

137 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। शेफाली वर्मा ने सिर्फ 34 गेंदों में 53 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। उन्होंने केवल 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यास्तिका भाटिया ने 23 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।

पावरप्ले में बना नया रिकॉर्ड

भारतीय बल्लेबाजों ने पहले छह ओवर में 1 विकेट पर 63 रन बना दिए, जो महिला टी-20 वर्ल्ड कप में भारत का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 59 रन का था, जो इसी टूर्नामेंट में नीदरलैंड्स के खिलाफ बना था।

See also  विमेंस वर्ल्डकप: सेमीफाइनल की राह में फंसी टीम इंडिया,अब हर मैच फाइनल!

सिर्फ 28 गेंदों में पूरे किए 50 रन

भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 4.4 ओवर यानी 28 गेंदों में 50 रन पूरे कर दिए। शुरुआती तेज बल्लेबाजी ने मुकाबले का दबाव पूरी तरह बांग्लादेश पर डाल दिया।

गेंदबाजों ने भी निभाई जीत में अहम भूमिका

इससे पहले बांग्लादेश ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 136 रन बनाए। भारत की ओर से राधा यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके, जबकि एन. श्री चरणी ने अंतिम ओवर में दो विकेट लेकर बांग्लादेश को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। उन्होंने 4 ओवर में 21 रन देकर 2 विकेट लिए।

स्मृति जल्दी लौटीं, लेकिन जीत नहीं रुकी

भारत को शुरुआती झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा, जो 8 रन बनाकर आउट हो गईं। हालांकि इसके बाद शेफाली वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंत में भारत ने 19 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

दोनों टीमों की प्लेइंग-11

भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया, जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, एन. श्री चरणी, रेणुका सिंह, नंदनी शर्मा।

See also  टी-20:इंग्लैंड को 159 रन का टारगेट,वैभव सूर्यवंशी ने फिर किया निराश

बांग्लादेश: दिलारा अख्तर, जुआरिया फिरदौस, शर्मिन अख्तर, निगार सुल्ताना (कप्तान), शोभना मोस्तरी, ऋतु मोनी, शोर्ना अख्तर, राबिया खान, नाहिदा अख्तर, मारुफा अख्तर और संजीदा अख्तर मेघला।