Bihar: सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले बेकाबू उम्मीदवार,स्टेशन बना रणक्षेत्र,प्रशासन ने संभाला मोर्चा

पटना।

बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए हजारों अभ्यर्थी विभिन्न जिलों से पटना पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होने से पहले पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी अव्यवस्था और भीड़ के कारण छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा।

अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनके लिए पर्याप्त परिवहन और प्रबंधन की व्यवस्था नहीं की गई, जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ट्रेनों को रोका, स्टेशन पर तोड़फोड़

स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने कई ट्रेनों को रोक दिया। कुछ उपद्रवियों ने रेलवे स्टेशन की दुकानों और परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ कर दी।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में कांच के टुकड़े बिखर गए और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

चेन पुलिंग और मांगों ने बढ़ाई परेशानी

पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन के मुताबिक, आधी रात को प्रशासन को हंगामे की सूचना मिली थी।

अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ असामाजिक तत्व लगातार इमरजेंसी चेन खींचते रहे।

अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग करते रहे। जबकि परीक्षार्थियों के लिए पहले से ही दो विशेष ट्रेनें संचालित की जा चुकी थीं।

हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग

प्रशासन का कहना है कि कुछ प्रदर्शनकारी उन छात्रों को भी रोक रहे थे जो परीक्षा केंद्रों की ओर जाना चाहते थे।

हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। स्थिति संभालने के दौरान IG जितेन्द्र राणा ने चेतावनी स्वरूप फायरिंग भी कराई।

इसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई और रेलवे संचालन सामान्य हो सका।

प्रशासन का दावा, स्थिति सामान्य

जिलाधिकारी ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सभी निर्धारित ट्रेनें रवाना हो चुकी हैं और परीक्षार्थियों को उनके गंतव्य तक भेजने की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *