ट्विशा केस की आंच आयोग तक, खाद्य विभाग ने मांगी जांच रिपोर्ट,​गिरिबाला का हटना तय

92

भोपाल।

भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। राज्य सरकार ने भोपाल जिला उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को पद से हटना तय है। खाद्य विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए मामले की जांच रिपोर्ट भी तलब की है।

खाद्य एवं नागरिक विभाग के उप सचिव ने राज्य उपभोक्ता आयोग के रजिस्ट्रार को भेजे पत्र में उपभोक्ता संरक्षण नियम 2020 के तहत कार्रवाई का उल्लेख किया है।

जमानत याचिका पर सुनवाई आज ढाई बजे

इधर, ट्विशा शर्मा केस में आरोपी पति समर्थ सिंह अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमें गठित की हैं और 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

इस बीच समर्थ सिंह ने जबलपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है। इस पर सुनवाई आज होना है।

गिरिबाला सिंह जबलपुर में

सुनवाई प्रकरण में याचिका 24 नंबर पर दर्ज है। इसके चलते केस में सुनवाई दोपहर बाद होने के आसार हैं। मामले की सुनवाई जस्टिस ए.के. सिंह की समर वेकेशन बेंच में हो रही है।

बताया जा रहा है कि सुनवाई के सिलसिले में गिरिबाला सिंह भी जबलपुर पहुंचीं, हालांकि उन्होंने मीडिया से दूरी बनाए रखी।

सीबीआई जांच की सिफारिश करेगी मप्र सरकार
एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा शर्मा की मौत की सीबीआई जांच होगी। मध्य प्रदेश सरकार ने इसके लिए सहमति दे दी है।

20 मई को जब ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा रिटायर्ड सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिलने पहुंचे थे, तब उन्होंने इसका आश्वासन दिया था।

मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार परिवार की हर संभव मदद करेगी। अगर कोर्ट दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश देता है, तो सरकार पार्थिव शरीर को दिल्ली AIIMS तक पहुंचाने की व्यवस्था भी करेगी। वहीं, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी मामले की जांच CBI से कराने की मांग उठाई थी।

दूसरे पोस्टमार्टम की मांग कोर्ट ने ठुकराई

ट्विशा शर्मा की मौत के बाद एम्स भोपाल में पोस्टमार्टम हुआ था, लेकिन पीड़िता के परिजनों ने जांच पर सवाल उठाते हुए दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। उनका आरोप था कि प्रभावशाली ससुराल पक्ष ने जांच को प्रभावित किया।

हालांकि भोपाल जिला कोर्ट ने दूसरी पोस्टमार्टम याचिका खारिज कर दी। इसके बाद मामले में एक ऑडियो टेप सामने आने से विवाद और गहरा गया है।