एक्ट्रेस ट्विशा केस में नया ट्विस्ट: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में कई चोटों की पुष्टि

106

भोपाल।
मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध मौत अब हाईप्रोफाइल फैमिली विवाद में बदलती जा रही है।

एम्स भोपाल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर कई चोटों के निशान मिलने के बाद मामला और उलझ गया है।

एक तरफ मायके पक्ष हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा रहा है, तो दूसरी ओर रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का परिवार रिपोर्ट और आरोपों को “सेंसेशनल नैरेटिव” बता रहा है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर सवाल

एम्स भोपाल की शॉर्ट पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मल्टीपल इंजरी मार्क्स का जिक्र किया गया है।

हालांकि, ससुराल पक्ष का कहना है कि रिपोर्ट में चोटों की प्रकृति और स्थान स्पष्ट नहीं हैं।

परिवार का दावा है कि यदि जरूरत पड़ी तो वे दूसरे पोस्टमॉर्टम और किसी भी एजेंसी की जांच के लिए तैयार हैं।

फोरेंसिक जांच में बड़ी चूक!

मामले में पुलिस जांच भी सवालों के घेरे में है। जिस बेल्ट से कथित फांसी लगाने की बात कही गई, वह पोस्टमॉर्टम के दौरान डॉक्टरों को उपलब्ध नहीं कराई गई। बाद में बेल्ट सौंपी गई, लेकिन तब तक कई महत्वपूर्ण फोरेंसिक परीक्षण अधूरे रह गए

इसी वजह से ट्विशा के परिजन दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमॉर्टम और राज्य से बाहर स्वतंत्र जांच एजेंसी से जांच की मांग कर रहे हैं। मौत के आठ दिन बाद भी परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार नहीं हुए हैं।

आरोपी पति फरार, 6 टीमें तलाश में

ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छह टीमें लगा दी हैं।

उस पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।

पुलिस का कहना है कि जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

सास का पलटवार: “ट्विशा डिप्रेशन में थी”

पूर्व जज गिरिबाला सिंह पहली बार मीडिया के सामने आईं और कई चौंकाने वाले दावे किए। उन्होंने कहा कि ट्विशा ने अपनी इच्छा से गर्भपात कराया था, जिसके बाद वह अवसाद में रहने लगी थी।

गिरिबाला ने यह भी दावा किया कि ट्विशा पहले से ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़ी थी और शादी के कुछ समय बाद परिवार को उसके व्यवहार में बदलाव दिखने लगे थे। उन्होंने नशे की लत और मानसिक अस्थिरता के आरोप भी लगाए।

मायके पक्ष बोला- “यह आत्महत्या नहीं”

ट्विशा की भाभी राशि ने आरोप लगाया कि ससुराल में लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जाती थी।

उन्होंने दावा किया कि परिवार में पहले भी दहेज प्रताड़ना के मामले सामने आ चुके हैं।

परिजनों का कहना है कि ट्विशा डिप्रेशन में जरूर थी, लेकिन वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकती थी।

उनका आरोप है कि मौत को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है।

CCTV फुटेज से बढ़े सवाल

मौत से पहले का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्विशा घर की छत पर जाती दिखाई दे रही है।

कुछ देर बाद तीन लोग उसके शव को नीचे लाते दिखते हैं।

इस फुटेज ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है।

मामला पहुंचा CM हाउस तक

ट्विशा के परिजन मुख्यमंत्री सचिवालय तक पहुंच चुके हैं।

उन्होंने राज्य से बाहर एजेंसी द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिवार का कहना है कि मामले में प्रभावशाली लोगों का दबाव हो सकता है, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।