बकरीद से पहले योगी का सख्त संदेश: सड़क पर नमाज नहीं, नियम से होगी इबादत

लखनऊ।
बकरीद से पहले उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है।

सोमवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम योगी ने साफ कहा कि प्रदेश में सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि नमाज अदा करनी है तो तय स्थानों पर करें, लेकिन सार्वजनिक रास्तों पर अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं होगी।

 

(IN above Video: related Speech between 39.50 to 44Min.)

“प्यार से मानेंगे ठीक, नहीं तो दूसरा तरीका”

मुख्यमंत्री श्री योगी सोमवार को लखनऊ में दैनिक अमर उजाला के प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।

सीएम योगी ने कहा कि सरकार किसी की धार्मिक स्वतंत्रता में बाधा नहीं डाल रही, लेकिन कानून व्यवस्था और आम जनता की सुविधा सर्वोपरि है।

उन्होंने कहा, “संख्या ज्यादा है तो शिफ्ट में नमाज पढ़ लीजिए। हम नमाज नहीं रोकेंगे, लेकिन सड़क पर अराजकता नहीं होने देंगे।”

जनसंख्या और व्यवस्था पर भी टिप्पणी

योगी ने कहा कि कुछ लोग संख्या अधिक होने का तर्क देते हैं। इस पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर व्यवस्थाएं सीमित हैं तो उसी हिसाब से योजना बनानी चाहिए। सभी को कानून और सिस्टम के दायरे में रहना होगा।

बरेली हिंसा का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने बरेली में हुए विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लोगों ने “हाथ आजमाया था और ताकत भी देख ली।”

उन्होंने दोहराया कि कानून सभी के लिए बराबर है।

 किसी को भी सड़क जाम करने या अव्यवस्था फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

विकास मॉडल भी गिनाया

योगी ने अपने संबोधन में यूपी के विकास और निवेश मॉडल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश की पहचान अपराध और अव्यवस्था से होती थी।

अब यूपी रक्षा उत्पादन और निवेश का केंद्र बन रहा है। उन्होंने ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट’ योजना को सकारात्मक बदलाव का उदाहरण बताया।

महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार का दावा

सीएम ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पहले से बेहतर हुई है। अब महिलाएं रात की शिफ्ट में भी काम कर सुरक्षित घर लौट रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि यूपी अब “बीमारू राज्य” की छवि से बाहर निकलकर रेवेन्यू सरप्लस राज्य बन चुका है।

“नो कर्फ्यू, नो दंगा”

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने अपने पुराने नारे को दोहराते हुए कहा, “नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *