सीहोर तक पहुंचे NEET पेपर लीक के तार: श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से जुड़ा रहा मुख्य आरोपी शुभम

167

गजेंद्र नागर,सीहोर।
8770639019

देशभर में सुर्खियों में बने NEET 2026 पेपर लीक मामले की जांच अब मध्यप्रदेश के सीहोर तक पहुंच गई है। राजस्थान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी बताए जा रहे डॉ. शुभम खैरनार का कनेक्शन सीहोर की श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से सामने आया है।

शुभम(in Photo) यहां आयुर्वेद चिकित्सा (BAMS) का छात्र रह चुका है। इसके बाद से जांच एजेंसियों की नजर सीहोर पर भी टिक गई है।

राजस्थान पुलिस ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले में महाराष्ट्र के नाशिक निवासी शुभम खैरनार को हिरासत में लिया है।

शुरुआती जांच में उसका नाम पूरे नेटवर्क के प्रमुख संचालकों में सामने आ रहा है। पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों को खंगाल रही है।

सीहोर यूनिवर्सिटी से जुड़ा रिकॉर्ड

जांच में सामने आया कि शुभम खैरनार(In Photo) ने वर्ष 2021 में सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी में आयुर्वेद चिकित्सा पाठ्यक्रम (BAMS) में प्रवेश लिया था।

हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि प्रवेश के बाद वह नियमित रूप से कॉलेज नहीं आया।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु मुकेश तिवारी के अनुसार शुभम ने एडमिशन जरूर लिया था, लेकिन वह किसी परीक्षा में शामिल नहीं हुआ और न ही विश्वविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय रहा। प्रबंधन का कहना है कि संस्थान का इस पूरे मामले से कोई संबंध नहीं है।

कई राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच

NEET पेपर लीक की जांच में अब तक बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, झारखंड और उत्तरप्रदेश समेत कई राज्यों में छापेमारी और गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि यह संगठित परीक्षा माफिया का नेटवर्क है, जिसमें मेडिकल छात्र, सॉल्वर गैंग, दलाल और तकनीकी मददगार शामिल हैं।

सूत्रों के मुताबिक, कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबरों और सोशल मीडिया संपर्कों के जरिए सीहोर कनेक्शन सामने आया है। इसी आधार पर एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या मध्यप्रदेश में भी इस गिरोह का कोई सक्रिय नेटवर्क था।

मेडिकल छात्रों और कोचिंग नेटवर्क पर नजर

जांच एजेंसियां उन छात्रों, कोचिंग संस्थानों और संपर्क सूत्रों की भी पड़ताल कर रही हैं, जिनके जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंच बनाई जाती थी। आशंका जताई जा रही है कि मेडिकल कॉलेजों और तैयारी केंद्रों का उपयोग नेटवर्क विस्तार के लिए किया गया।

छात्रों में बढ़ा आक्रोश

पेपर लीक की खबरों से देशभर के लाखों छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी है। छात्र संगठनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कई छात्रों का कहना है कि मेहनत से परीक्षा देने वालों का भविष्य ऐसे गिरोह बर्बाद कर रहे हैं।

जांच एजेंसियों की नजर सीहोर पर

हालांकि अभी तक सीहोर से किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन शुभम खैरनार के विश्वविद्यालय कनेक्शन के बाद स्थानीय स्तर पर भी सूचनाएं जुटाई जा रही हैं। आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है।