किराएदार विवाद में 50 हजार मांगने वाला आरक्षक भोपाल एसीपी के ट्रैप में फंसा

226

भोपाल।
राजधानी भोपाल में पुलिस विभाग ने अपने ही स्टाफ पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कोहेफिजा थाने के एक आरक्षक और एफआरवी चालक को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई पुलिस कमिश्नर तक पहुंची शिकायत के बाद की गई। एसीपी अनिल वाजपेयी के नेतृत्व में हुई ट्रैप कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

किराएदार विवाद में मांगी थी रिश्वत

जानकारी के मुताबिक मामला मकान मालिक और किराएदार के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि कोहेफिजा थाने में पदस्थ आरक्षक यशपाल तोमर (Photo) ने किराएदार के पक्ष में कार्रवाई करने और विवाद सुलझाने के नाम पर 50 हजार रुपए की मांग की थी।

पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत सीधे पुलिस कमिश्नर से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए गए।

एसीपी की टीम ने बिछाया जाल

जांच के बाद एसीपी अनिल वाजपेयी की टीम ने ट्रैप प्लान किया। कार्रवाई के दौरान आरक्षक यशपाल तोमर और एफआरवी के एक ड्राइवर को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरक्षक को हिरासत में ले लिया है, जबकि ड्राइवर को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया गया। दोनों के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

थाना स्टाफ की भूमिका भी जांच के घेरे में

मामले के सामने आने के बाद पुलिस अब कोहेफिजा थाना स्टाफ की भूमिका की भी जांच कर रही है। थाना प्रभारी केजी शुक्ला के आचरण और पूरे मामले में उनकी भूमिका को लेकर भी पड़ताल शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।