प्रहलाद पटेल के बेटे की शादी में नेताओं का ‘लुंगी डांस’ बना चर्चा का केंद्र

69

भोपाल/ तिरुपति।

मध्य प्रदेश के पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे प्रबल सिंह पटेल की शादी गुरुवार को आंध्रप्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में बेहद सादगीपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

सीमित मेहमानों और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच हुए इस विवाह समारोह में राजनीति और परंपरा का अनोखा संगम देखने को मिला।

तिरुपति में जुटे दिग्गज नेता

शादी समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान,

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा,

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद आलोक शर्मा, बृजमोहन अग्रवाल और

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए। सभी ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया।

लुंगी-कुर्ते में नजर आए कैलाश विजयवर्गीय

बारात में सबसे ज्यादा चर्चा नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की रही।

वे दक्षिण भारतीय पारंपरिक परिधान लुंगी-कुर्ते में नजर आए।

विजयवर्गीय ने शिवराज सिंह चौहान और प्रहलाद पटेल के साथ पारंपरिक अंदाज में ‘लुंगी डांस’ भी किया।

जिसका वीडियो समारोह में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

भोपाल में हुई थी सगाई

प्रबल सिंह पटेल की शादी नरसिंहपुर निवासी हिमांशी दुबे से हुई है।

दोनों की सगाई 23 अप्रैल को भोपाल स्थित प्रहलाद पटेल के सरकारी आवास पर हुई थी।

उस समारोह में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर सहित कई मंत्री और भाजपा नेता मौजूद रहे थे।