मौत वाला तरबूज! एफएसएल रिपोर्ट में मिला चूहा मार जिंक फॉस्फाइड

83

मुंबई।

मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की रहस्यमयी मौत के मामले में फॉरेंसिक जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।

जिस तरबूज को गर्मी में सेहतमंद फल माना जाता है, उसी में मिला चूहा मार जहर परिवार की मौत की वजह बना।

जांच में तरबूज और मृतकों के शरीर के नमूनों में जिंक फॉस्फाइड (Trizinc diphosphide) नामक जहरीला रसायन पाया गया है। हालांकि यह जहर तरबूज तक कैसे पहुंचा, यह अब भी रहस्य बना हुआ है।

एफएसएल रिपोर्ट ने खोली मौत की परतें

मुंबई फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) ने अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी है। रिपोर्ट के अनुसार मृतकों के लिवर, किडनी, प्लीहा, पेट और पित्त के नमूनों में जिंक फॉस्फाइड की पुष्टि हुई है।

यही जहरीला तत्व उस तरबूज में भी मिला, जिसे परिवार ने मौत से पहले खाया था।
इसके बाद आशंका लगभग पुख्ता मानी जा रही है कि जहरीले तरबूज के सेवन से ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हुई।

हालांकि पुलिस अभी अंतिम निष्कर्ष तक नहीं पहुंची है, क्योंकि अन्य खाद्य नमूनों में यह पदार्थ नहीं मिला।

क्या है जिंक फॉस्फाइड?
जिंक फॉस्फाइड(Zn3 P2) बेहद खतरनाक रसायन माना जाता है, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर चूहा मारने की दवा में होता है।

शरीर में पहुंचने के बाद यह पेट के एसिड से मिलकर फॉस्फीन गैस बनाता है, जो हृदय, फेफड़ों और लिवर को तेजी से नुकसान पहुंचाती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक इसकी थोड़ी मात्रा भी जानलेवा साबित हो सकती है।

तरबूज में जहर कैसे पहुंचा?
जांच एजेंसियां अब इस सबसे बड़े सवाल का जवाब तलाश रही हैं कि आखिर तरबूज में जिंक फॉस्फाइड पहुंचा कैसे।

शुरुआती आशंका है कि फलों को चूहों से बचाने के लिए गोदाम या स्टोर रूम में रखा गया जहर किसी तरह तरबूज के संपर्क में आ गया हो। हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

बिरयानी के बाद खाया था तरबूज
यह दर्दनाक घटना मुंबई के पायधुनी इलाके की है। डोकाडिया परिवार ने 26 अप्रैल की रात रिश्तेदारों के साथ बिरयानी खाई थी। रिश्तेदारों के जाने के बाद परिवार ने देर रात तरबूज खाया।

अगली सुबह सभी की तबीयत बिगड़ गई और उल्टी-दस्त शुरू हो गए। परिवार की एक बेटी की घर में ही मौत हो गई, जबकि पिता अब्दुल्लाह डोकाडिया, पत्नी नसरीन और दूसरी बेटी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस

तरबूज खाने से चार लोगों की मौत की खबर ने सोशल मीडिया पर भी लोगों को हैरान कर दिया। कई लोग यह सवाल उठाते रहे कि क्या एक सामान्य फल भी मौत की वजह बन सकता है।

एफएसएल रिपोर्ट ने मौत की वजह का बड़ा सुराग जरूर दे दिया है, लेकिन तरबूज तक जहर पहुंचने की गुत्थी अब भी अनसुलझी है।