बरगी क्रूज हादसा: 4 साल के बेटे को छाती से लगाए मिला मां का शव, तस्वीर ने झकझोरा

भोपाल।
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में बीती शाम डूबे क्रूज में सवार लोगों में से अब तक 9 के शव मिल चुके हैं। वहीं, तीन बच्चों समेत 4 लोग अब भी लापता हैं। इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर दिल्ली से आए परिवार की है।

मरीना मैसी अपने 4 साल के बेटे त्रिशान को लाइफ जैकेट में छाती से चिपकाए मिलीं। दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए थे-एक ऐसी तस्वीर, जिसने हर किसी को भीतर तक झकझोर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बचाव में जुटी एसडीआरएफ की टीम ने आज सुबह मरीना मैसी व उनके बेटे त्रिशान समेत चार और शव बरामद किए।

क्रूज के साथ डूबी मरीना ने अपने बेटे को लाइफ जैकेट के बीच छिपाकर बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

बांध में मां-बेटे दोनों डूब गए। शव बरामदगी के दौरान त्रिशान अपनी मां की छाती से चिपका हुआ मिला। इस दृश्य ने मौके पर मौजूद लोगों को भीतर तक झकझोर दिया।

 

टिकट 29 के, सवार थे 40 से 45

हादसे के वक्त क्रूज में करीब 45 लोग सवार थे, जबकि टिकट सिर्फ 29 लोगों को ही दिए गए थे। गुरुवार शाम चली तेज हवाओं से डगमगाया क्रूज पानी भरते ही चंद मिनटों में बांध की गहराई में समा गया। हादसे के तुरंत बाद सक्रिय हुई बचाव दल की टीम ने 28 लोगों को समय रहते बचा लिया।

तीन बच्चों समेत 4 अब भी लापता

प्रशासन के मुताबिक, 28 लोगों को बचा लिया गया है। तीन बच्चों सहित 4 लोग लापता हैं। हादसा किनारे से करीब 300 मीटर दूर हुआ। जिस समय क्रूज डूबा, उस वक्त हवा की रफ्तार 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी। बरगी पुलिस के मुताबिक, एसडीआरएफ ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम से राहत कार्य प्रभावित हुआ।

बाहर निकाला गया डूबा हुआ क्रूज


बचाव कार्य में जुटी टीम ने आज क्रेन की मदद से डूबे हुए क्रूज को बाहर निकाला। इसे देखने बांध किनारे लोगों की भीड़ जमा हो गई

पीएम मोदी ने जताया दुख, दी आर्थिक मदद

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने दुख जताया है। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।

इधर, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव(Dr.Mohan Yadav) ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। वे संभवत: आज शाम जबलपुर पहुंचे।

 

पीड़ित परिवार से मिले सीएम यादव

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज शाम जबलपुर पहुंचे। वहां उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर अपनी शोक संवेदना जताई।

शुक्रवार दोपहर में मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी जबलपुर पहुंचे। उन्होंने भी हादसे पर दुख जताया।

इससे पहले उन्होंने एक्स पर  लिखा कि बरगी डैम, जबलपुर में हुए क्रूज हादसे की खबर अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।

इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि एवं शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।प्रशासन से अपील है कि बचाव कार्य तेज़ी से चलाया जाए और घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया

नियमों से अनजान पर्यटन मंत्री!

प्रदेश के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र लोधी जबलपुर पहुंचे। यहां उनका हैरान करने वाला बयान सामने आया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि नर्मदा में पेट्रोल-डीजल बोट पर रोक है, लेकिन उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

इस बयान से जिम्मेदारी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जाता है कि मप्र पर्यटन विकास निगम से अनुबंधित यह दुर्घटनाग्रस्त क्रूज 2006 में बना था। यानी करीब 20 साल पुरानी इस नाव की तकनीकी स्थिति और नियमित जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं।

ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग

इधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह (Digvijaya Singh) ने हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है।

उन्होंने प्रशासन से रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने और मजिस्ट्रियल जांच के आदेश देने की मांग की है। साथ ही क्रूज के ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *