एलओसी पर भारतीय सेना ने फिर दिखाया दम, उरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम

एलओसी पर भारतीय सेना ने फिर दिखाया दम, उरी में घुसपैठ की कोशिश नाकाम
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के ऊरी सेक्टर में भारतीय सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया। सुरक्षा बलों ने आतंकी के पास से AK राइफल, पिस्टल और बड़ी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया। इलाके में फॉलो-अप ऑपरेशन अभी भी जारी है।

भारतीय सेना ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 14-15 मार्च की रात ऊरी सेक्टर के बुच्छर (Buchhar) इलाके में यह कार्रवाई की गई। आतंकवादी की संदिग्ध गतिविधि देखी गई और उसे चुनौती दी गई। आतंकवादी ने फायरिंग की, जिसके जवाब में पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया गया।

सुरक्षाबल इलाके में सतर्कता बरतते हुए सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई और आतंकवादी कहीं छिपा न हो।

इसके पहले, 10 मार्च को नोशेरा सेक्टर में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश को सेना ने नाकाम किया था। उस ऑपरेशन में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया था। सेना की व्हाइट नाइट कोर्प्स ने बताया कि झांगर क्षेत्र में दो आतंकवादियों की गतिविधि का पता चला और त्वरित कार्रवाई करके घुसपैठ को रोका गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *