वर्ल्ड कप की जीत का जश्न कई जगह बना बवाल: एमपी के तीन शहरों में झड़प, 12 घायल

232

देवास/शाजापुर/उज्जैन।

भारतीय क्रिकेट टीम की टी-20 वर्ल्ड कप जीत का जश्न मध्यप्रदेश के कुछ शहरों में तनाव और झड़प में बदल गया। रविवार रात देवास, उज्जैन और शाजापुर में जश्न के दौरान विवाद की घटनाएं सामने आईं, जिनमें कुल 12 लोग घायल हो गए। देवास में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है।

देवास में जश्न के बीच अफरातफरी

धर्मेंद्र योगी

देवास के सयाजीद्वार क्षेत्र में लोग टीम इंडिया की जीत का जश्न मना रहे थे। रंग-गुलाल उड़ाए जा रहे ामथे, तिरंगा लहराया जा रहा था और आतिशबाजी हो रही थी।

 

इसी दौरान कुछ युवकों ने जलते हुए पटाखे भीड़ की ओर फेंक दिए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।

पटाखों की चिंगारी से उज्जैन से आए सुरक्षा बल के दो जवान-आशीष यादव और सुरेंद्र श्रीवास-घायल हो गए। सुरेंद्र को सिर और मुंह पर चोट आई। दोनों का जिला अस्पताल में इलाज कर उन्हें छुट्टी दे दी गई।

                          (देवास  पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया । )

इसी दौरान एक बम सीएसपी सुमित अग्रवाल के कान के पास फटा, जिसके बाद उनका भी एमजी अस्पताल में चेकअप कराया गया।

स्थिति काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। चार युवकों को हिरासत में लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।

शाजापुर में मस्जिद के पास बम फेंकने से तनाव

शाजापुर में किला रोड स्थित पीपलपत्ता मस्जिद के पास जश्न के दौरान कुछ युवकों ने सुतली बम फोड़ दिया। बम फटने से मस्जिद की दीवार पर नाली का कीचड़ लग गया, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक बाइक पर जश्न मनाते हुए नजर आ रहे हैं। इनमें से एक युवक बम फेंकता दिखाई दे रहा है।

मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों ने कोतवाली थाना प्रभारी को शिकायत सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

उज्जैन में पटाखों को लेकर विवाद

उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में जश्न के दौरान पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट और चाकूबाजी हो गई। इस घटना में महिलाओं सहित 10 लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, जीरो पॉइंट ब्रिज के पास राज रॉयल कॉलोनी में रहने वाले मनीष मेहेरेल और रविंद्र हाड़ा अपने परिवार और दोस्तों के साथ जश्न मना रहे थे।

पास ही रहने वाले वाहिद खान के परिवार ने बच्चे के सोने का हवाला देते हुए पटाखे कहीं और फोड़ने को कहा। इसी बात पर कहासुनी के बाद विवाद मारपीट में बदल गया।