उज्जैन।
मध्यप्रदेश के उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित बंगाली कॉलोनी में एकतरफा भावनात्मक उथल-पुथल ने दुखद मोड़ ले लिया।
सारणी (जिला बैतूल) निवासी 23 वर्षीय निखिल आहके अपनी प्रेमिका से बात न होने से इतना आहत हुआ कि 350 किलोमीटर का सफर तय कर सीधे उसके जीजा के घर पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि युवती दो दिन पहले ही उज्जैन आई थी और किसी कारणवश निखिल से बात नहीं कर रही थी। यही दूरी उसके लिए असहनीय बन गई।
घर में घुसा, परिजनों को कमरे में किया बंद
शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच निखिल बंगाली कॉलोनी स्थित घर पहुंचा। उस समय घर में युवती की बहन, जीजा की पत्नी और एक बच्चा मौजूद थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसने पहले परिजनों को एक कमरे में बंद कर दिया और युवती से बात कराने की जिद करने लगा।
परिजनों का कहना है कि युवती ने उसे वापस जाने के लिए कहा था। इसी दौरान हालात अचानक बिगड़ गए।
कुछ ही पलों बाद निखिल ने अपने पास रखी पिस्टल से खुद के सीने में गोली मार ली। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन तब तक वह लहूलुहान हालत में जमीन पर गिर चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।