भोपाल में ‘The Kerala Story’ जैसी सनसनी: दोस्ती के जाल में फंसी युवतियां, दुष्कर्म और धर्मांतरण के आरोप

भोपाल।

राजधानी के बागसेवनिया थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने चर्चित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ की कहानी की याद ताजा कर दी है।

दो युवतियों ने दुष्कर्म, जबरन धर्मांतरण और देह व्यापार में धकेलने के गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने दो युवतियों समेत चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।

दोस्ती से शुरू हुआ कथित षड्यंत्र

पहला मामला छत्तीसगढ़ की 21 वर्षीय ब्यूटीशियन का है। वह दिसंबर 2024 में शाहपुरा स्थित एक जन्मदिन पार्टी में शामिल होने भोपाल आई थी। यहां उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जो बाद में उसकी करीबी बन गई।

आरोप है कि उसी के जरिए उसकी मुलाकात बागसेवनिया निवासी अमरीन उर्फ माहिरा से कराई गई। बाद में वह अमरीन के साथ रहने लगी।

पीड़िता का दावा है कि उसकी सहेली ने कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कर अमरीन के भाई से निकाह कर लिया था।

नशीला पदार्थ और कई बार दुष्कर्म के आरोप

पीड़िता ने शिकायत में कहा कि अगस्त 2025 में अमरीन ने उसे अपने परिचित चंदन से मिलवाया, जिसने उसके साथ दुष्कर्म किया।

नवंबर 2025 में गांधी नगर स्थित अब्बास नगर में चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर अमरीन के भाई बिलाल द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।

दिसंबर 2025 में अहमदाबाद ले जाकर एक अन्य युवक से भी शोषण कराने की शिकायत दर्ज कराई गई है। जनवरी 2026 में पीड़िता भोपाल छोड़कर छत्तीसगढ़ लौट गई।

घरेलू काम से देह व्यापार तक

दूसरी पीड़िता 32 वर्षीय महिला है, जो पहले अशोका गार्डन क्षेत्र में रहती थी। उसने आरोप लगाया कि अमरीन ने उसे निश्चित आय का भरोसा देकर अपने घर घरेलू काम पर रखा।

बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अन्य युवक चानू व यासिर ने भी दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई।

पब में ले जाकर दबाव बनाने के आरोप

दोनों पीड़िताओं ने बताया कि उन्हें छोटे कपड़े पहनाकर पब ले जाया जाता था। अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने का दबाव बनाया जाता।

धर्म परिवर्तन के लिए मानसिक दबाव डाला गया। यहां तक कि पीड़िताओं ने जबरिया बुर्का पहनाने व नमाज पढ़ने के लिए मजबूर करने के आरोप भी लगाए।

चार आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरीन, उसकी बहन आफरीन और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *