चार इमली से सड़क तक: प्रेम विवाह का 19 साल बाद कड़वा अंजाम

356

भोपाल।

राजधानी में एक चर्चित राजनीतिक परिवार का विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। एक प्रतिष्ठित बैंक की प्रबंधक महिला ने अपने कांग्रेस नेता पति पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं।

 पिता ने कहा था-सड़क पर आ जाओगी

पीड़िता का कहना है कि आईएएस पति से तलाक लेकर जब उन्होंने प्रेम विवाह का फैसला किया था, तब उनके आईपीएस पिता ने आगाह किया था कि यह कदम उन्हें मुश्किलों में डाल सकता है। वह चार इमली जैसे रिहायशी इलाके से सीधे सड़क पर आ सकती है,लेकिन उन्होंने उस सलाह को अनसुना कर दिया।

दूसरी शादी, पुराने रिश्तों की परछाईं

दोनों की यह दूसरी शादी थी और इसे 19 वर्ष बीत चुके हैं। नेता पहले नरेला विधानसभा क्षेत्र से दो बार चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी पहली पत्नी से दो संतानें हैं, जबकि दूसरी शादी से एक पुत्र है। महिला का आरोप है कि शादी के शुरुआती दो वर्ष सामान्य रहे, लेकिन बाद में हालात बदलते चले गए।

दहेज और संपत्ति को लेकर विवाद

पीड़िता का आरोप है कि दो करोड़ रुपये दहेज और पैतृक संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी गई।

उन्होंने पेय पदार्थ में जहर मिलाकर देने और जान से मारने की कोशिश जैसे आरोप भी लगाए हैं।

हाल ही में 9 फरवरी को उन्हें शिवाजी नगर स्थित घर से बाहर निकालकर ताला लगा दिया गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत की।

पति का पलटवार, ब्लैकमेल का आरोप

वहीं, नेता ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि पत्नी लंबे समय से उन्हें ब्लैकमेल कर रही हैं। उनका कहना है कि तलाक का नोटिस देने के बाद ही उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच में जुटी पुलिस

राजधानी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के गंभीर आरोपों के बीच सच्चाई अब जांच के बाद ही सामने आएगी।