रवि अवस्थी,भोपाल।
मध्य प्रदेश में शुक्रवार देर रात 2 बजे के बाद जारी तबादला सूची ने प्रशासनिक गलियारों में नई हलचल पैदा कर दी। 11 आईएएस और 4 राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गईं।
इस बदलाव से सरकार ने बजट सत्र और नई नीतियों से पहले व्यवस्था को ‘रीसेट’ के संकेत दिए। सबसे अधिक चर्चा जनसंपर्क और स्वास्थ्य विभाग में हुए बदलावों की है।
जनसंपर्क में ‘रिटर्न ऑफ मनीष’, परिवहन का अतिरिक्त प्रभार

(नए जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह ने शनिवार को अपना दायित्व संभाला।)
जनसंपर्क विभाग की कमान एक बार फिर मनीष सिंह को सौंपी गई है। वे आयुक्त जनसंपर्क के साथ-साथ परिवहन सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
चार महीने तक आयुक्त रहे दीपक सक्सेना को अब आबकारी आयुक्त बनाया गया है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है, जब सरकार अपनी छवि प्रबंधन और जनसंदेश की रणनीति को धार देने में जुटी है। मनीष सिंह इससे पहले साल 2023-24 में भी जनसंपर्क आयुक्त रह चुके हैं।

(पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से की सौजन्य भेंट।)
वर्णवाल–यादव के दायित्वों की अदला–बदली
अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल को स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि प्रमुख सचिव संदीप यादव को सामान्य प्रशासन विभाग में पदस्थ किया गया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में लंबित परियोजनाओं और ढांचागत सुधारों के बीच यह बदलाव अहम माना जा रहा है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, विभागीय समन्वय और नीति क्रियान्वयन को तेज करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
नई आबकारी नीति लागू होने से पहले बदलाव

















