उमरिया।
जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व अंतर्गत मानपुर बफर के दमना गांव के पास गुरुवार सुबह बाघ देखे जाने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। दमना नाले के आसपास बाघ के लंबे समय तक मौजूद रहने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

जानकारी मिलते ही पार्क प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची और बाघ को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास किया गया। एहतियातन ग्रामीणों को क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई है।
एक दिन पूर्व की घटना
मानपुर बफर परिक्षेत्र के खम्हा बीट में एक दिन पहले मादा भालू और उसके शावक के शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया था। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत बाघ से आपसी संघर्ष के कारण होने की आशंका जताई गई।

घटनास्थल से बाघ के पगमार्ग मिले थे, डॉग स्क्वायड से सर्चिंग कराई गई और पोस्टमार्टम में दोनों शवों पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए। शनिवार को मादा भालू और उसके शावक का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में एक वृद्ध भालू भी पाया गया था, जिसकी उम्र लगभग पूरी हो चुकी थी और उसकी मृत्यु स्वाभाविक कारणों से होने की संभावना जताई जा रही है।

















