T -20 वर्ल्ड कप में बड़ा उलटफेर: बांग्लादेश बाहर, स्कॉटलैंड को एंट्री; पाकिस्तान भी दिखा रहा नखरे

एजेंसी,नई दिल्ली।
टी-20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ा राजनीतिक और कूटनीतिक ड्रामा सामने आया है। सुरक्षा और वेन्यू को लेकर बढ़े विवाद के बीच ICC ने कड़ा फैसला लेते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया है, जबकि उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है। इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है और अब पाकिस्तान भी अपने अगले कदम को लेकर असमंजस में नजर आ रहा है।

ICC का बड़ा फैसला: स्कॉटलैंड को मिला मौका

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने शनिवार शाम आधिकारिक रूप से ऐलान किया कि बांग्लादेश अब टी-20 वर्ल्ड कप का हिस्सा नहीं रहेगा। उसकी जगह स्कॉटलैंड टीम टूर्नामेंट में खेलेगी और ग्रुप-सी में बांग्लादेश की सभी निर्धारित मुकाबले अब स्कॉटलैंड खेलेगा।
यह फैसला दुबई में हुई ICC की अहम बैठक के दौरान लिया गया, जिसकी जानकारी ICC ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के जरिए दी।

24 घंटे की डेडलाइन भी बेअसर

ICC ने बांग्लादेश को भारत में खेलने को लेकर 24 घंटे की अंतिम समय-सीमा दी थी। हालांकि, तय समय के भीतर भी बांग्लादेश सरकार ने टीम को भारत भेजने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद ICC ने नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर करने का फैसला किया।

DRC में अपील भी हुई खारिज

भारत में मैच कराने के ICC के फैसले के खिलाफ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने डिस्प्यूट रिजोल्यूशन कमेटी (DRC) में अपील दायर की थी।
लेकिन समिति ने ICC के निर्णय को सही ठहराते हुए BCB की अपील खारिज कर दी। इसके बाद बांग्लादेश के पास कोई विकल्प नहीं बचा।

विवाद की जड़: मुस्तफिजुर और IPL

इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई, जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL से बाहर कर दिया गया। इसके बाद BCB ने भारत में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए और टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया।
BCB का कहना था कि मौजूदा हालात में भारत में खेलना सुरक्षित नहीं है।

‘हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं’ – बांग्लादेश

बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने ढाका में खिलाड़ियों के साथ बैठक के बाद कहा,
“हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं।”
हालांकि ICC ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की कमी से इनकार किया।

पाकिस्तान का सख्त रुख, हटने के संकेत

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खुलकर बांग्लादेश का समर्थन किया है। PCB चीफ मोहसिन नकवी ने कहा कि ICC ने बांग्लादेश के साथ गलत और दोहरा व्यवहार किया है।
उन्होंने ‘द डॉन’ वेबसाइट से बातचीत में कहा, “एक देश को उसकी पसंद का वेन्यू दिया जाता है और दूसरे देश को हटाने की धमकी। यह नाइंसाफी है। अगर भारत और पाकिस्तान को न्यूट्रल वेन्यू मिल सकता है, तो बांग्लादेश को क्यों नहीं?”

सरकार के फैसले का इंतजार कर रहा PCB

मोहसिन नकवी ने साफ किया कि पाकिस्तान सरकार के फैसले के बाद ही आगे की रणनीति तय होगी।
उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री के लौटने का इंतजार कर रहे हैं। ICC के अंतिम रुख के बाद ही हम प्लान ए, बी, सी और डी पर काम करेंगे।”
संकेत साफ हैं कि अगर सरकार ने अनुमति नहीं दी, तो पाकिस्तान भी टूर्नामेंट से हट सकता है।

सुरक्षा पर अड़ा रहा BCB

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की मांग थी कि भारत की बजाय उनके मैच श्रीलंका में कराए जाएं।
ICC ने इस मांग को खारिज करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह संतोषजनक है और किसी तरह का खतरा नहीं है। BCB के लगातार इनकार के बाद ICC ने यूरोपीय टीम स्कॉटलैंड को मौका दे दिया।

क्रिकेट से ज्यादा राजनीति की चर्चा

इस पूरे घटनाक्रम ने टी-20 वर्ल्ड कप को खेल से ज्यादा राजनीति और कूटनीति का अखाड़ा बना दिया है। अब सभी की निगाहें पाकिस्तान के अंतिम फैसले पर टिकी हैं, जो टूर्नामेंट की तस्वीर बदल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *