राजगढ़।राजगढ़ में एक बेकाबू ट्रक बाजार में घुस गया। करीब 100 मीटर लंबे रास्ते में एक के बाद एक 6 वाहनों को कुचल दिया। रिटायर्ड सेल्स टैक्स अकाउंटेंट की मौत हो गई। 6 लोग घायल हो गए। एक को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने कूदकर जान बचाई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
मामला राजगढ़ के पारायण चौक इलाके में मंगलवार दोपहर का है। ट्रक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। उसने पहले एक पिकअप वाहन को टक्कर मारी। उसे घसीटते हुए ले गया। इसी दौरान 5 बाइक और स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। बाजार में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। ड्राइवर मौके से भाग निकला।
स्थानीय निवासी संजीव शर्मा ने मीडिया को बताया, ‘हादसे में मेरे बहनोई गोपाल शर्मा (68) की मौत हो गई है। वे रिटायर्ड सेल टैक्स अकाउंटेंट थे और जेल रोड पर रहते थे। दोपहर में स्कूटी से बैंक का काम निपटाने गए थे। लौटते समय ट्रक से घिसटकर आ रहे पिकअप के पहिए के नीचे आ गए।’
बाइक से कूदकर बचने की कोशिश की, पैर टूटा
घायल पन्ना लाल तंवर (45) ने राजगढ़ से 18 किलोमीटर दूर बाकना गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया- बेटे पंकज का 11वीं क्लास में एडमिशन कराने आए थे। बाइक पर पत्नी अनार बाई (42) और बेटा पंकज (17) भी था। ट्रक को देखते ही हमने बाइक से कूदकर बचने की कोशिश की, लेकिन बेटा उसकी चपेट में आ गया। उसका एक पैर टूट गया है। पत्नी और मुझे चोट आई हैं।
बाजार में समोसे-कचौड़ी की
दुकान लगाकर बैठी छोटी बाई (55) भी हादसे का शिकार हो गई। उसके पैर में गंभीर चोट आई है। सांस लेने में भी दिक्कत है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
















