सरकार जाते ही पूर्व मुख्यमंत्री के ऑफिस पर चला बुलडोजर
आंध्र प्रदेश में गुंटूर जिले के ताड़ेपल्ली में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के दफ्तर का निर्माण चल रहा था जिसे शनिवार तड़के नगर निगम के अधिकारियों ने ध्वस्त कर दिया। कहा गया है कि यह निर्माण अवैध था। मंगलागिरी-ताडेपल्ली नगर निगम (एमटीएमसी) के अधिकारियों ने शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे निर्माणाधीन भवन पर बुलडोजर चला दिया। कैपिटल रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीआरडीए) ने भवन को ध्वस्त करने से पहले नोटिस जारी किया था।
वाईएसआरसीपी ने शुक्रवार को नोटिस को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। पार्टी के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि अदालत ने तोड़फोड़ की कार्रवाई पर रोक लगाने का आदेश दिया और पार्टी के वकील ने सीआरडीए आयुक्त को इसकी जानकारी भी दी। सीआरडीए और एमटीएमसी के अनुसार, वाईएसआरसीपी का दफ्तर सिंचाई विभाग की जमीन पर बनाया जा रहा था।
















